bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

रेल बजट में बीकानेर के लिए कई ट्रेनें

बीकानेर. अगले रेल बजट में बीकानेर को करीब पांच नई ट्रेनों की सौगात मिलेगी। इनमें दिल्ली से बीकानेर रात्रि ट्रेन, बीकानेर से पुरी, जयपुर-उदयपुर एक्सप्रेस और चेन्नई एक्सप्रेस बीकानेर और रानीखेत एक्सप्रेस लालगढ़ तक प्रमुख है।

डीआरएम कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भी जैना ने कहा कि इन ट्रेनों के बीकानेर तक विस्तारित करने की आवश्यकता है। सुबह जब वे बीकानेर पहुंचे तो विभिन्न संस्थाओं और रेलवे सलाहकार समितियों के सदस्यों ने भी इन्हीं ट्रेनों की वकालत की है। उन्होंने कहा कि बीकानेर से मिले फीडबैक को वे रेलवे बोर्ड और रेलमंत्री को भी अवगत करवाएंगे ताकि रेल बजट में इन ट्रेनों के बारे में फैसला किया जा सके। जोन में रेलवे विकास के सवाल पर उन्होंने कहा कि 2011 तक पूरा जोन मीटर गेज से ब्राडगेज में पर्विर्तित हो जाएगा।

बीकानेर मंडल की प्रगति रिपोर्ट से संतुष्ट दिखे जैना ने कहा कि इस मंडल के डवलपमेंट के लिए बोर्ड हरसंभव प्रयास करेगा। बीकानेर में बन रही नई वाशिंग लाइन को 24 कोच के बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि आने वाले समय में 18 कोच की जगह 24 कोच होंगे, ऐसे में वाशिंग लाइन का निर्माण भी इसी तर्ज किया जाना चाहिए।

जहां जरूरत वहां नई भर्ती
रेलवे में ग्रुप सी और डी के लगातार पदों में की जा रही कमी के सवाल पर जैना ने कहा कि रेलवे रोजगार देने के लिए नहीं बैठा है। जहां पर कर्मचारियों की आवश्यकता है, वहां पर नई भर्ती की जा रही है और जहां कर्मचारियों की आवश्यकता नहीं है, वहां पद खत्म किए जा रहे हैं।

ब्राडगेज बन जाने के बाद ऐसे पाइंट भी खत्म हो जाएंगे जहां पर गंगमैन की जरूरत रहेगी, ऐसे में पद खत्म होने लाजिमी है।

स्टेशन देखे, प्रोजेक्ट की समीक्षा
मंगलवार सुबह बीकानेर पहुंचे रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के.सी.जैना ने अपने निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बीकानेर रेलवे स्टेशन से की है। वे करीब आधा घंटे तक वहां रहे और स्टेशन के प्रत्येक हिस्से का निरीक्षण किया। इसके बाद वे स्टेशन पर बने वीआईपी कक्ष में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मिले और उनकी मांगों को जाना। करीब दस बजे वे डीआरएम कार्यालय पहुंचे और मंडल के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने मंडल में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा की।

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने डीआरएम कार्यालय के सामने बने अधिकारी ट्रांजिट कैंप का भी उद्घाटन किया। वे लालगढ़ रेलवे स्टेशन गए और उसका निरीक्षण किया। शाम को वे अवध-आसाम एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। जोन जीएम अशोक गुप्ता भी इनके साथ थे। इससे पहले सुबह उनके बीकानेर पहुंचने पर डीआरएम पंकज जैन और मंडल की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: