bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

बुकिंग हो जदी पधारो म्हारे देस

जैसलमेर/जोधपुर. स्वर्णनगरी हाउसफुल! जी हां, यदि आप न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए बिना बुकिंग जैसलमेर आने की प्लानिंग कर रहे हैं तो हो सकता है रात आपको बिना कमरे के ही गुजारनी पड़ जाए। सर्दियों की छुट्टियां शुरू होते ही स्वर्णनगरी में सैलानियों का जैसा सैलाब आया है, उसे देखते हुए अनुमान है कि न्यू ईयर तक यहां आने वाले सैलानियों की तादाद स्थानीय आबादी से भी ज्यादा हो जाएगी। जोधपुर में भी टूरिस्ट सीजन परवान पर है। होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है।

दो हजार से ज्यादा कमरे
स्वर्णनगरी में होटलों, धर्मशालाओं, सरकारी विश्राम गृहों और पेइंग गेस्ट हाउस की संख्या लगभग 142 है। इनके 2 हजार 115 कमरों में 5 हजार 807 शैयाओं की क्षमता उपलब्ध है। इसके अलावा खुहड़ी व सम के धोरों में 100 से भी ज्यादा स्विस टैंट, साधारण टैंट व रिसोर्ट हैं।

देसी सैलानी भी पीछे नहीं
विदेशियों के अलावा भारतीयों की ख्वाहिश होती है कि वे नववर्ष स्वर्णनगरी में ही मनाएं। विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित हो चुकी स्वर्णनगरी में इस बार बड़ी संख्या में देशी-विदेशी सैलानी आ चुके हैं और लगातार आ रहे हैं। देशी सैलानियों में गुजरात, महाराष्ट्र और बंगाल के पर्यटकों की संख्या तुलनात्मक रूप से अधिक है।

बड़े साहबों में व्यस्त ‘साहब’
जोधपुर/ जैसलमेर.
स्टे इन जोधपुर, विजिट जैसलमेर : विभिन्न प्रदेशों से जैसलमेर आने वाले वीवीआईपी जोधपुर स्टे करने के बाद जैसलमेर पहुंच रहे हैं। जैसलमेर का प्रशासन प्रोटोकॉल व कर्ट्सी ड्यूटी में लगा हुआ ही है, मगर न्यायाधिपतियों, स्टेट गेस्ट तथा जीएडी से आने वाली अधिकारियों की सूचनाओं पर जोधपुर प्रशासन को भी पर्याप्त जाब्ता लगाना पड़ रहा है। स्टेट गेस्ट, वाई व जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त वीवीआईपी के लिए बकायदा एस्कॉर्ट लगाई जा रही है। सरकारी गेस्ट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है तथा उन्हें स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण कराया जा रहा है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन में छुट्टियां बिताने के लिए देशभर से दर्जनों हस्तियां स्वर्णनगरी पहुच रही हैं।

एक सप्ताह के भीतर 17 न्यायाधीश, संसदीय सचिव भवानीसिंह राजावत, ओम बिड़ला, उद्योग मंत्री दिगम्बरसिंह के अलावा रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष केसी जैना, एनएसजी के डीजी जेके दत्ता समेत कई राज्यों के चीफ सेक्रेटरी जैसलमेर यात्रा कर चुके हैं।

सीआईएसएफ के आईजी एमएस बाली, हैदाराबाद पुलिस अकादमी के पूर्व निदेशक आईपीएस शंकर सेन, एयरमार्शल केडीसिंह, लेबर कमिश्नर सूरज मीणा, गुना कलेक्टर जीके सारस्वत, होम सेक्रेटरी बीएल जैन, ऑयल कापरेरेशन विजिलेंस के आईएएस एएस लांबा, हरियाणा के मुख्यमंत्री के सलाहकार व ओएसडी प्रदीपसिंह तथा रविंद्रसिंह, दिल्ली मुख्यमंत्री के पीएस संदीप मिश्रा समेत मुंबई, लखनऊ, इलाहाबाद, हरियाणा, चंडीगढ़, कोलकाता के न्यायाधिपति, कई राज्यों के आईएएस तथा आईपीएस अधिकारी भी लगातार जैसलमेर पहुंंच रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: