News
International International न्यूयॉर्क. अब वह दिन दूर नहीं, जब लोग सामान्य कपड़ों और जैकेट की तरह ही कंप्यूटर को भी पहनकर घूमना शुरू कर देंगे। माइक्रोप्रोसेसर का आकार छोटा हो जाने से ऐसा संभव है। मैसाचुसेट्स यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस के शिक्षक एंडी फैग इसी तरह का एक कंप्यूटर विकसित कर रहे हैं।
क्या होगी खासियत :
फैग ने ‘सांइस डेली’ को बताया कि पहने जाने वाले ये कंप्यूटर व्यक्ति को सूचना और संचार के सभी साधन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा, ‘इसका यह मतलब नहीं है कि आप इसकी मदद से किसी को ई-मेल कर सकेंगे। असल में पहने जाने वाले कंप्यूटरों से रोजमर्रा की जिंदगी में व्यक्ति को डिजिटल क्रांति की मदद मिलेगी’।
क्या करेगा कंप्यूटर :
- दफ्तर में मीटिंग के लिए पहुंचने से पहले ही यह उसका एजेंडा और अन्य संबंधित जानकारियां बताएगा।
- घर पर भोजन पकाते समय यह कंप्यूटर रेसिपी तैयार करने के तरीके के साथ यह भी बताएगा कि रेफ्रिजरेटर में क्या-क्या उपलब्ध है।
- यदि आप बाजार में हों तो इससे यह जानकारी मिलेगी कि घर में किस सामान की कमी है और आपको क्या खरीदना है।
जिंदगी होगी आसान :
फैग का कहना है कि बाजार में यूं तो पहने जा सकने वाले कंप्यूटर सिस्टम पहले से ही उपलब्ध हैं, लेकिन वे सभी एक खास व्यावसायिक उपयोग के लिए बने हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा विकसित किए जा रहे कंप्यूटर को पहनने पर जिंदगी आसान बन जाएगी। फैग ने कहा, ‘मिसाल के लिए यदि आप बाजार से दूध लाना भूल गए हों तो इससे पहले कि आप घर पहुंचें, यह पहले ही आपके कान में फुसफुसाकर इस बात की सूचना दे देगा।’