|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur भिलाई. बीएसपी के दल्लीराजहरा स्थित डीजल डिपो में 55 लाख रुपए का डीजल घोटाला सामने आया है। सीबीआई ने बुधवार को डिपो, बीएसपी के सीनियर मैनेजर के दफ्तर और निवास समेत आधा दर्जन स्थानों पर छापे मारे। गुरुवार को भी जांच जारी रहने की उम्मीद है।
भिलाई-3 स्थित इंडियन आइल के डिपो से स्टील प्लांट के राजहरा डिपो में डीजल की सप्लाई होती है। मार्च 06 से नवंबर 07 के बीच डिपो भेजे गए डीजल में से 161 किलोलीटर डीजल का हिसाब नहीं मिल रहा। सीबीआई को इस हेराफेरी की खबर मिली। प्रारंभिक जांच के बाद बुधवार सुबह 5 बजे उसकी टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर धावा बोला।
इंस्पेक्टर संजय देवस्थले ने बताया कि डीजल की हेराफेरी या तो भिलाई-3 स्थित डिपो से राजहरा ले जाने के दौरान या उसके बाद की गई है। डीजल ले जाने वाले ट्रांसपोर्टर्स के पेट्रोल पंप भी हैं। इसलिए सीबीआई ने ट्रांसपोर्टरों से जुड़े सुपेला स्थित आदर्श पेट्रोल पंप और टेड़ेसरा स्थित संगम फ्यूल्स पर भी छापा मारा। छापे की कार्रवाई दिन भर चली। पेट्रोल पंप के संचालकों से पूछताछ कर जरूरी पेपर्स चेक किए जा रहे हैं। हेराफेरी का डीजल इन पंपों में भी सप्लाई किए जाने का संदेह है।
कूट रचित दस्तावेज का सहारा : इंस्पेक्टर श्री देवस्थले ने बताया कि हेराफेरी के लिए कूट रचित दस्तावेज तैयार किए गए हैं। बुधवार की जांच पड़ताल से यह पता चला कि दल्लीराजहरा के डिपो के रिकार्ड में जितना डीजल का उठाव दर्शाया गया है, उतने का उठाव नहीं हुआ है। इसमें न केवल ट्रांसपोर्ट्स बल्कि डिपो के कर्मचारियों का भी हाथ हो सकता है। इस संबंध में राजहरा डिपो के सीनियर मैनेजर रहे बीएन खैरवार और स्टोरकीपर चक्रवर्ती तथा इंडियन आइल के दो कर्मचारियों, जिनमें से एक दल्लीराजहरा और दूसरा भिलाई का निवासी है, से पूछताछ की जा रही है।
इंस्पेक्टर एसआर सिंह ने बताया कि डिपो के करीब 10 कर्मचारियों से पूछताछ की गई। रात तक डिपो और सीनियर मैनेजर का दफ्तर सीबीआई के कब्जे में रहा। किसी कर्मचारी को न तो अंदर जाने दिया गया और न बाहर निकलने दिया गया। डिपो के कुछ कर्मचारियों के मैत्रीनगर और इस्पातनगर भिलाई स्थित निवासों की भी सीबीआई टीम ने तलाशी ली।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं खैरवार
जानकारी के मुताबिक करीब आठ माह पहले भी सीनियर मैनेजर खैरवार पर डीजल की हेराफेरी का आरोप लग चुका है। इस आरोप में वे इस्पात भवन भिलाई अटैच हैं। वे कुछ खास ट्रांसपोर्टर्स से ही भिलाई-3 डिपो से डीजल मंगवाते थे।
कार्रवाई में लगीं थीं चार टीमें
यह कार्रवाई सीबीआई की चार अलग-अलग टीमों ने जबलपुर से आए डीएसपी एसबी करण के मार्गदर्शन में की। दो स्थानीय और दो जबलपुर की टीमें थीं। मामले के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर जीएसपी नायर हैं।