|
सरवाड़ /नसीराबाद. मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने बुधवार को सरवाड़ और नसीराबाद में फायर कर दहशत फैल दी। सरवाड़ में शाम को गाड़ियों के शो-रूम को
निशाना बनाया गया था, जबकि नसीराबाद में रात को ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के ऑफिस पर गोली चलाई गई। दोनों जगह किसी के जख्मी नहीं होने से पुलिस का मानना है कि हमलावरों का मकसद दहशत फैलाना था। जिलेभर में नाकाबंदी की गई, लेकिन देर रात तक नकाबपोशों का
सुराग नहीं मिला।
नसीराबाद के सुभाषगंज मंडी क्षेत्र में रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर दो युवक पहुंचे थे। एक का चेहरा हेलमेट और दूसरे का कपड़े से ढका हुआ था। उन्होंने रवि नामक युवक से झंवर की दुकान का पता पूछा। इस पर रवि ने समीप ही स्थित दुकान की ओर इशारा कर दिया। इसके बाद नकाबपोश युवक जिंदल रोडवेज की ओर बढ़ गए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने जिंदल रोडवेज के ऑफिस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली चलाने के साथ नकाबपोशों ने पेट्रोल पंप की ओर बाइक दौड़ा दी।
इधर, ऑफिस के दरवाजे के कांच चकनाचूर हो गए और आस-पास छर्रे बिखर गए। वारदात के समय ऑफिस में पांच कर्मचारी मौजूद थे। घटना के समय सुभाषगंज में ही मौजूद सिटी थानाधिकारी महावीरसिंह भी मौके पर पहुंच गए। मंडी के कारोबारियों ने वारदात में कुख्यात अपराधी धनसिंह के गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई है। दूसरी ओर नकाबपोश युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नसीराबाद के सुभाषगंज व्यापार मंडल ने गुरुवार को अनाज मंडी बंद रखने की घोषणा की है।
उधर, सरवाड़ में शाम पांच बजे बाइक पर सवार नकाबपोश लिंक रोड स्थित सर्वेश्वर ऑटो एजेंसी पहुंचे। जहां उन्होंने एजेंसी संचालक दिनेशकुमार के बारे में पूछा। एजेंसी के कर्मचारी ने बताया कि दिनेश भोजन करने घर गया हुआ है। यह सुनने ही मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे नकाबपोश ने देसी कट्टे से शो-रूम पर फायर कर दिया। गोली शो-रूम की दीवार से टकराते हुए पास ही खड़ी दिनेश की कार के शीशे पर लगी। कार का शीशा टूट गया। इस बीच, दोनों हमलावर बाइक पर अजमेर रोड की ओर भाग निकले। इधर, इत्तला मिलने पर डीएसपी सरिता सिंह व सरवाड़ थानाप्रभारी रूपाराम चौधरी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
* धनसिंह के चाचा गोपालसिंह कुछ समय पहले साबुन खरीदने आया था। उस समय कीमत को लेकर विवाद हो गया था। गोपालसिंह ने मुझे देख लेने की धमकी दी थी।
-मुकेश जिंदल, साबुन व ट्रांसपोर्ट व्यवसायी
* फायर करने वाले नकाबपोश युवक नीले रंग की मोटरसाइकिल पर आए थे। वे कौन थे, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
-सरिता सिंह, डीएसपी
* सरवाड़ और नसीराबाद में तरीका-ए- वारदात में समानता पाई गई है। अपराधियों के बारे में महत्वपूर्ण सूचना मिली है। संदिग्ध लोगों की तलाश में पुलिस दल भेजे गए हैं। अब तक की तफ्तीश में रंजिश सामने नहीं आई है। प्रतीत होता है कि अफरा-तफरी फैलाने के लिए वारदात की गई है।
- जगदीश शर्मा, एएसपी ग्रामीण