|
भोपाल/इंदौर. पश्चिम मध्य रेलवे ने इंदौर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस को हबीबगंज तक चलाने का प्रस्ताव किया है। इस प्रस्ताव को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। इसी तरह भोपाल-जबलपुर के बीच चलने वाली ओवरनाइट एक्सप्रेस को इंदौर-इलाहाबाद के बीच चलाने का प्रस्ताव है। यह प्रस्ताव भी सैद्धांतिक तौर पर मंजूर कर लिया गया है।
अब मुख्यालय को अंतिम निर्णय के लिए रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलना बाकी है। भोपाल रेल मंडल के आधिकारिक सूत्रों का कहना है भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव बढ़ गया है। इसलिए इन दोनों ट्रेनों के लिए नए प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। उम्मीद है जनवरी के दूसरे पखवाड़े से इंदौर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस हबीबगंज तक आने लगेगी।
हबीबगंज में ट्रेनों को खड़ा करने के लिए सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। यह काम जल्द पूरा हो जाएगा। सूत्रों का कहना है रेलवे बोर्ड यदि ओवरनाइट एक्सप्रेस को इंदौर-इलाहाबाद के बीच चलाने का प्रस्ताव मंजूर करता है तो यह ट्रेन हबीबगंज-इंदौर के बीच इंटरसिटी की कमी पूरी कर देगी।
यह ट्रेन सुबह करीब पौने छह बजे हबीबगंज से चलकर मक्सी-देवास होते हुए साढ़े 10 तक इंदौर पहुंचेगी। शाम को यह ट्रेन फिर इंदौर से रवाना होकर भोपाल-हबीबगंज-जबलपुर-कटनी होते हुए इलाहाबाद तक चली जाएगी। इस तरह इंदौर-हबीबगंज के बीच सुबह-शाम एक जोड़ी ट्रेन हो जाएगी।
अमरकंटक को बढ़ाने की चर्चा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस को इंदौर तक बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था। इसे मुख्यालय मंजूर कर चुका है और प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड की तरफ बढ़ा दिया गया है। आगामी रेल बजट में यह प्रस्ताव भी स्वीकृत हो सकता है।