Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

छात्रा करती थी दोस्तों के साथ लूट की वारदात

भोपाल. बोर्ड आफिस चौराहे पर दो माह पहले अपने दो साथियों के साथ एक छात्रा का मोबाइल फोन छीनकर भागी युवती और उसके तीन साथियों को एमपी नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक कार, मोटर साइकिल और लेपटाप भी बरामद किया है। ये सभी छात्र हैं। लूट की वारदात में पहली बार राजधानी में युवती पकड़ी गई है।

एमपी नगर पुलिस ने स्नेह नगर निवासी दो भाइयों विशाल सोनी व गौरव सोनी, भगवानदास जोठे और सरकारी आवास तुलसी नगर निवासी श्रुति सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके एक साथी सिद्धार्थ एनक्लेव निवासी सुधांशु शुक्ला की पुलिस को तलाश है। आरोपियों को बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक पत्रकारवार्ता में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद ने संवादददाताओं को बताया कि मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस श्रुति सिंह तक पहुंची थी। वह 10 अक्टूबर को बोर्ड आफिस से लता तनवानी से छीने गए मोबाइल में दूसरी सिम डालकर उसका इस्तेमाल कर रही थी। उसके पिता सीपी सिंह पीडब्ल्यूडी में थे, जो पत्नी को छोड़कर दिल्ली में रहते हैं। उसकी मां एक सरकारी स्कूल में टीचर हैं। श्रुति बीए की छात्रा है। उससे लेकर पूछताछ की गई, तो उसने विशाल व गौरव के साथ लूट करना स्वीकार किया है।

विशाल मूलत: बैतूल का रहने वाला है, जबकि भगवानदास इटारसी का रहने वाला है। विशाल बीई में लगातार फेल होने के बाद खंडवा से पालीटेक्निक डिप्लोमा कर रहा है। उसका भाई गौरव भी बीकाम का छात्र है।

एसपी ने बताया कि आरोपियों ने दो माह पहले रवींद्र भवन से कार और बाइक चोरी की थी। कार इटारसी में भगवानदास के घर में छुपा कर रखी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लेपटाप भी बरामद किया है, जो वे चार दिन पहले एमपी नगर की एक दुकान से उठाकर भागे थे।

चैटिंग से हुई थी मुलाकात. श्रुति की विशाल से मुलाकात चैटिंग के माध्यम से हुई थी। बाद में दोनों में दोस्ती हो गई।

मौज के लिए करते थे वारदात. सभी आरोपी बीयर पीने और दोस्ती करने के शौकीन हैं। वे शौक पूरा करने के लिए लूट करते थे।

शोरूम से लेकर भागे थे लेपटाप: सीएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपी एमपी नगर स्थित एक शोरूम से लेपटाप देखने के बहाने लेकर भाग गए थे, लेकिन उसका एडाप्टर इनके पास नहीं था। एडाप्टर लेने के लिए वे कुछ अन्य शोरूम में गए तो पुलिस को इनके हुलिए की जानकारी मिली।

अब नकाबपोशों पर शिकंजा कसेगी पुलिस
राजधानी पुलिस अब नकाबपोश युवक-युवतियों पर शिकंजा कसेगी। लूट और चोरी के मामले में पकड़ में आई युवती ने इस बात का खुलासा किया कि वह वारदात करने के वाद मुंह पर कपड़ा बांधकर ही घूमती थी।

करीब छह महीने पहले भी राजधानी पुलिस ने नकाबपोशों पर कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन यह कोशिश परवान नहीं चढ़ सकी थी। आमतौर पर युवतियां और कुछ युवक धूप से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधते हैं, लेकिन ठंड के मौसम में भी दिन के वक्त सैकड़ों युवतियां युवकों के साथ बाइक पर इसी तरह घूमती हैं।

कई बार तो कार में बैठी युवतियां भी नकाब लपेटे रहती हैं। एसपी जयदीप प्रसाद ने कहा कि अब पुलिस नकाबपोश युवक-युवतियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। नकाब का कई लोग दुरुपयोग करते हैं और यह मोटर व्हीकल नियमों का उल्लंघन भी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: