Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

एसटीएटी चेयरमेन के बंगले से राइफल चोरी, हड़कंप

बिलासपुर. पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सिविल लाइन थाने में स्टेट ट्रांसपोर्ट एथारिटी ट्रिब्यूनल के चेयरमेन आरएल झंवर के बंगले के सुरक्षा गार्ड की राइफल चोरी होने की सूचना मिली। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। काफी खोजबीन करने के बाद झाड़ियों के पीछे से राइफल बरामद कर ली गई और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद अंतत: इस काम को अंजाम देने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया।

श्री झंवर के बंगले में सुरक्षा गार्ड तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंआ निवासी 38 वर्षीय लोमश कौशिक पिता रामेश्वर कौशिक ने बुधवार की सुबह सिविल लाइन थाने में फोन पर सूचना दी कि बीती रात उसकी राइफल, वर्दी और एक जोड़ी सिविल कपड़ा चोरी हो गया है।

साथ ही चोर ने बंगले के नल की टोंटी, पाइप आदि भी चुरा ली है। सूचना मिलते ही आईजी राजीव श्रीवास्तव, एसपी प्रदीप गुप्ता, एडिशनल एसपी बद्रीनारायण मीणा, सीएसपी सिविल लाइन पीसी सोनकर, सीएसपी कोतवाली केएस ठाकुर, टीआई सिविल लाइन आरएन यादव सदल-बल मौके पर पहुंचे।

पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई। इसके बाद डाग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचा। पुलिस डाग डाली को जब बंदूक की गंध देकर छोड़ा गया तो वह बंगले के पीछे झाड़ियों की ओर लपकी। बंगले की दीवार की पीछे घनी झाड़ियां हैं। वहां पर होमगार्ड के जवानों और सैनिकों से सर्चिग कराई गई। वहां से राइफल बरामद कर ली गई। साथ ही बेलचा और कुल्हाड़ी भी मिली।

मौके पर पहुंचे क्राइम ब्रांच के आरक्षक हेमंत सिंह, जितेश, शोभित, अशोक ने चोर के संबंध में पूछताछ शुरू की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि पास में ही रहने वाला बंधु सारथी जो गांजा पीने का आदी है, बुधवार की सुबह से ही शराब पी रहा है।

टीम के सदस्य उसके घर में पहुंचे और उससे पूछताछ की। उसके घर की तलाशी लेने पर वहां से गार्ड के कपड़े, जूते और बेल्ट बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि नल की टोंटी, पाइप व लोहे के सामान को संतू कबाड़ी के पास बेचने की बात स्वीकार ली।

इसके बाद पुलिस ने संतू कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 457, 380 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। इस मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है।

गार्ड पर निलंबन की तलवार
इस पूरे मामले में बंगले के सुरक्षा गार्ड की लापरवाही सामने आई है। सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड की बंदूक और सामान ही चोर उड़ा ले गया और उसे खबर ही नहीं मिली। इस वजह से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के आरक्षक लोमश कौशिक के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा अधिकारियों से की गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: