|
इलाहाबाद.बॉलीवुड सुपर स्टॉर अमिताभ बच्चन की मां तेजी बच्चन की अस्थियां इलाहाबाद के संगम पर आज विसर्जित की गईं। बच्चन परिवार और नजदीकी लोगों की उपस्थिति में तेजी बच्चन के अस्थि कलश को आज गंगा में प्रवाहित किया गया।
इससे पूर्व अमिताभ पत्नी जया, बेटे अभिषेक, बहु ऐश्चर्या रॉय, छोटे भाई अजिताभ और दोस्त व सपा के महासचिव अमर सिंह के साथ एक विशेष चार्टड विमान से साढ़े 11 बजे बामरौली हवाई अड्डे पर पहुंचे। हवाई अड्डे पर स्थनीय व्यापारी और बांदा से सपा सांसद श्यामा चरण गुप्ता और इलाहाबाद से सपा सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह ने बच्चन परिवार की अगवानी की। बच्चन परिवार चार्टड बस से गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम-स्थल पर पहुंचा, जहां बच्चन परिवार की एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में लोग इकट्ठे थे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हाथों में अपनी मां की अस्थि-कलश लिए अमिताभ पूरे परिवार के साथ मोटरबोट में सवार हुए और गंगा की मध्य धारा में पुरोहितों के मंत्रोच्चर के बीच अस्थियां प्रवाहित की। इलाहाबाद के प्रयागवाल महासभा के पुरोहितों ने अस्थि विसर्जन कराया। गौरतलब है कि वर्ष 2003 में प्रयागवाल महासभा ने अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन के अस्थि विसर्जन के लिए वाराणसी के पुरोहितों को बुलाने का विरोध किया था। अस्थिविसर्जन के बाद बच्चन परिवार चित्रकूट के लिए रवाना हो गया।