|
रावलपिंडी
पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की बम हमले और गोलीबारी में शाम सवा छह बजे मौत हो गई है। शहर के लियाकत बाग में जोरदार विस्फोट के बाद मोटरसाइकल पर आए आतंकी ने उन्हें गोलियों का निशाना बनाया। गौरतलब है कि गुरुवार को ही खुफिया रिपोर्टो में शीर्ष नेताओं पर आत्मघाती हमले की चेतावनी दी गई थी।
बम विस्फोट से बच गई थीं :
पाकिस्तानी टीवी चैनलों के अनुसार लियाकत बाग में जब विस्फोट हुआ तब बेनजीर विस्फोट स्थल से 50 मीटर दूर अपने वाहन के नजदीक पहुंच गई थीं। उसी समय उन पर एक मोटर साइकल सवार ने गोलियां चलाईं जो उनकी गर्दन में लगी। गंभीर रूप से घायल बेनजीर को रावलपिंडी जनरल हास्पिटल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।
तहरीक ए तालिबान ए पाकिस्तान का हाथ :
हमले में आतंकी संगठन तहरीक ए तालिबान ए पाकिस्तान के बैहतुल्ला महसूद का हाथ बताया जाता है। इसके पहले वतन लौटने के बाद 18 अक्टूबर को निकाली गई रैली में भी हुए दोहरे बम विस्फोट में बेनजीर बाल बाल बच गईं थी। गोलियां दागे जाने के पूर्व लियाकत बाग में हुए विस्फोट में 20 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इसके पूर्व पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के नेता नवाज शरीफ की रैली पर अंधाधुंध फायरिंग में चार लोग मारे गए।
बाग में खौफनाक मंजर:
लियाकत बाग में खौफनाक मंजर था। चारों और क्षत विक्षत शव व मानव अंग बिखरे पड़े थे। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।
शरीफ की रैली पर भी गोलीबारी :
इसके पूर्व रावलपिंडी के बाहरी इलाके में गुरुकी गई अंधाधुंध गोलीबारी में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के तीन समर्थक मारे गए। टीवी चैनलों के मुताबिक घटना में चार लोग मारे गए हैं।
गोलीबारी के वक्त शरीफ घटनास्थल से काफी दूर थे और गुज्जर खान नाम के कस्बे से चुनावी रैली करके रावलपिंडी लौट रहे थे। हमले की सूचना आते ही सुरक्षा बलों ने ऐहतियात के तौर पर शरीफ के काफिले को रास्ते में ही रोक दिया था। शरीफ ने इस हमले के लिए राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ समर्थित पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (क्यू) को जिम्मेदार ठहराया है।
>> हमलावरों की पांच गोलियां लगीं। >> गर्दन पर लगीं गोलियां जान लेवा सिद्ध हुईं >> तहरीक ए तालिबान ए पाकिस्तान के बैहतुल्ला महसूद पर संदेह >> रावलपिंडी के लियाकत बाग में हुए विस्फोट में 20 मारे गए >> आत्मघाती का सिर घटना स्थल से 70 फीट दूर मिला >> गोलीबारी में शरीफ के चार समर्थक मृत