News
International International इस्लामाबाद. पाकिस्तान में तयशुदा तारीख के मुताबिक आगामी 8 जनवरी को होने वाले आम चुनाव टलने की संभावना पैदा हो गई है। बेनजीर भुट्टो की हत्या के बाद देश भर में फैले गतिरोध के बाद पाक के चुनाव आयोग ने शनिवार को इस तरह के संकेत दिए हैं।
चुनाव आयोग सोमवार को एक इमरजेंसी बैठक बुलाने वाला है और इस बैठक में तय किया जाएगा कि चुनाव निर्धारित तारीखों में कराए जाएं या हालात को देखते हुए इन्हें टाल दिया जाए।
चुनाव आयोग ने शनिवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि बेनजीर भुट्टो की हत्या के दुखद हादसे के बाद देश कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। आयोग ने कहा कि दक्षिणी सिंध क्षेत्र में उसके नौ दफ्तरों को आग के हवाले कर दिया गया है जिसके कारण सभी रिकॉर्ड, रोल, मतपेटियां और वोटिंग स्क्रीन आदि खाक हो गए हैं।
इसके अलावा देश भर में हो रहीं हिंसात्मक गतिविधियों के कारण व्यवस्थाओं पर बुरा असर पड़ रहा है। साथ ही, चुनाव में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों की ट्रेनिंग भी प्रभावित हुई है। आयोग ने यह साफ तौर पर कहा कि कुर्रम में पिछले एक माह में शिया और सुन्नियों के संघर्ष में 200 से ज्यादा जानें गई हैं इसलिए वहां चुनाव संपन्न कराए जाने जैसे हालात नहीं हैं।
गौरतलब है कि पीएमएलक्यू के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ शनिवार को ही चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा कर चुके हैं।