HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सेंट्रल जेल के डान की बैरकों में छापा

रायपुर. जेल विभाग के प्रभारी डीआईजी बीएस मरावी ने छोटी बैरक के चारों सेल छान डाले। इन विशेष सेलों की खासियत ये है कि यहां कथित तौर पर डान और गुर्गो की जेल महकमे से ज्यादा चलती है। इन बैरकों के हर व्यक्ति का सामान उलट-पुलट का देखा गया।बैरक तलाशी की रिपोर्ट सोमवार को डीजी जेल एसके पासवान को सौंपी जाएगी।

तलाशी में क्या मिला, इसका खुलासा नहीं हुआ लेकिन जेल महकमे में इस मामले की जमकर चर्चाएं हैं। जानकारों का कहना है कि जेल के धाकड़ कैदियों के सेल में पहली बार तलाशी ली गई। जांच को पूरी तरह गोपनीय रखा गया। जेल अधीक्षक और जेलर तक को खबर नहीं थी कि ऐसा कुछ होने वाला है।

श्री मरावी अचानक पहुंचे और एक नामी बदमाश का जिक्र करते हुए पूछा कि उन लोगों को कहां रखा गया है। इसके बाद उन्होंने तलाशी की इच्छा जाहिर की तथा अफसरों और अमले को लेकर पहुंच गए। पता चला है कि पुलिस को खुफिया सूचनाएं मिली थीं, डान किस्म के कुछ कैदी जेल में न सिर्फ मोबाइल रखते हैं, बल्कि हथियार भी साथ लेकर घूमते हैं। मोबाइल से वे अपने गैंग भी चला रहे हैं।

पंखे और आसमानी रंग
सूत्रों के अनुसार डान और उसके साथियों की सेल में न सिर्फ पंखे लगे हैं, बल्कि दीवारों का रंग भी खास है। जेल के भीतर की सारी दीवारें सफेद हैं, जबकि इन सेलों की दीवारें आसमानी। बताते हैं कि सेल में पंखे लगाने का प्रावधान नहीं है, लेकिन कुछ अर्सा पहले आला अफसरों के निर्देश पर ऐसा किया गया था।

दुर्ग शिफ्टिंग की तैयारी
भिलाई के एक बदमाश और साथियों को रायपुर जेल से वापस दुर्ग सेंट्रल जेल भेजने की तैयारी चल रही है। विभाग के आला अफसरों ने बताया कि बदमाशों को सुरक्षा के लिहाज से प्रशासनिक आधार पर रायपुर जेल में ट्रांसफर किया गया था। अब हालात अनुकूल हैं। ऐसी दशा में उन्हें रायपुर में रखने का कोई कारण नहीं।

सीआरपीएफ ने की गश्त
सीआरपीएफ की टुकड़ी ने सेंट्रल जेल की गश्त की। कैदखाने की दीवार के चारों ओर टुकड़ी ने करीब चार राउंड मारे। सीआरपीएफ के अफसरों ने जेल प्रशासन के अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली और केंद्रीय कारागार का सर्वे किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: