bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

केंद्रीय योजनाओं में घोटाला: सामी

ग्वालियर. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और संगठन मामलों में मप्र के प्रभारी वी नारायण सामी ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में मप्र सरकार पर घोटाला करने का आरोप लगाया है। श्री सामी रविवार को शहर जिला कांग्रेस कार्यालय पर संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे।

एक सवाल पर श्री सामी ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 9 हजार करोड़ की राशि प्रदेश सरकार को मिली है। जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बड़ी हुई है, उनमें सर्व शिक्षा अभियान, ग्रामीण रोजगार गारंटी, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण,स्वास्थ्य मिशन और आदिवासी कल्याण जैसी 14 योजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार के मंत्रियों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने और उनके लिए मानीटरिंग कमेटी बनाने का आग्रह किया है।

यह पूछे जाने पर कि प्रदेश में चल रही केंद्र सरकार की कई योजनाओं की प्रगति पर केंद्र सरकार के मंत्रियों ने मध्यप्रदेश सरकार की पीट थपथपाई है, श्री सामी ने कहा कि यह काम प्रदेश सरकार द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर हुआ है, जमीनी हकीकत कुछ और है, जिसे कांग्रेस ने अपनी रिपोर्ट में शामिल किया है। केंद्र सरकार इस मामले में क्या कर रही है, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हमें कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

अलग-अलग जिम्मेदारी
प्रदेश में खरगौन और सांवेर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का श्रेय पार्टी नेताओं की एकजुटता को देते हुए श्री सामी ने कहा कि पार्टी की एकजुटता से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। वरिष्ठ नेताओं के एक साथ काम न कर पाने के कारण के सवाल पर उन्होंने कहा- पार्टी हाई कमान ने सबको अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी है और सब अपनी-अपनी जगह काम कर रहे हैं।

कार्यकारिणी की घोषणा जनवरी में
प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के सवाल पर श्री सामी ने कहा- सूची तैयार है, जनवरी में घोषणा हो जायेगी। गुजरात में चुनाव में पराजय के लिए उन्होंने भाजपा के हिन्दुत्व एजेंडा को जिम्मेदार माना तो हिमाचल में हार के कारणों की समीक्षा हो जाने के बाद ही कुछ कह पाने की बात कही।

कांग्रेस कार्यालय में मुलाकात
शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में पहुंचने पर वी नारायण सामी का शहर जिला कांग्रेस के सदर प्रकाश खण्डेलवाल, पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा, अशोक सिंह, हरीसिंह नरवरिया, भगवानसिंह तोमर, बाल खाण्डे, वासुदेव शर्मा, बृजमोहन परिहार, अमरसिंह माहौर, प्रेमसिंह कुशवाह, हमीद खां उस्मानी, राजकुमार शर्मा, श्यामसिंह चौहान, देवेन्द्र तोमर, सुधीर गुप्ता, कृष्णराव दीक्षित, गुरुदत्त भार्गव, संजीव अग्रवाल आदि ने अगवानी की।

पूर्व अध्यक्ष डा. रघुनाथ पापरीकर ने भी बाद में श्री सामी से भेंट की। इससे पहले सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से ग्वालियर आने और लहार जाने से पहले भी कांग्रेसियों ने उनसे भेंट की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: