HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

क्षति 15 प्रतिशत लाने के लिए 6923 करोड़

ग्वालियर. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने भोपाल और ग्वालियर रीजन में एटीएनसी (औसत तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानि) 15 प्रतिशत लाने के लिए एक कागजी योजना तैयार की है। इस योजना के तहत बिजली कंपनी के सीएमडी संजय शुक्ला ने राज्य सरकार से 6923 करोड़ रुपए मांगे हैं।

बिजली कंपनी के सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2006-07 में भोपाल क्षेत्र में 43.96 और ग्वालियर क्षेत्र में 56.39 प्रतिशत औसत तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानि पाई गई है। सीएमडी संजय शुक्ला ने भी पूर्ववर्ती अधिकारियों की भांति सरकार को प्रस्ताव बनाकर भिजवाया है, उनके अनुसार सिस्टम लॉसेस 10 से 15 प्रतिशत है।

सीएमडी ने सरकार को एक प्लान बनाकर भेजा है। उस प्लान के अनुसार वर्ष 2007-08 में 45 प्रतिशत वर्ष 2008-09 में 39 प्रतिशत वर्ष 2009-10 में 33 प्रतिशत तथा 2010-11 में 27 प्रतिशत औसत तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानि कम की जाएगी।

सीएमडी ने राज्य सरकार को भेजे प्रस्ताव में तकनीकी हानि कम करने के लिए 4193.20 करोड़ तथा कॉमर्शियल हानि कम करने के लिए 1372.00 करोड़ रुपए की आवश्यकता बताई है। अन्य खर्चो के लिए 1357.89 करोड़ की जरूरत है। तकनीकी हानि कम करने हेतु नए उपकेन्द्रों तथा वितरण ट्रांसफार्मर्स हेतु 2149 करोड़ रुपए की राशि की जरूरत पड़ेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही चोरी को रोकने एवं किसानों पर शिकंजा कसने के लिए पृथक से 1963 फीडर बनाए जाएंगे, जिन पर 1374.10 करोड़ रुपए खर्च होंगे एवं अस्थायी पंप कनेक्शनों को स्थायी बनाने के लिए 240 करोड़ रुपए सीएमडी ने सरकार से मांगे हैं।

बताया गया है कि सीएमडी ने अपने प्रस्ताव में वाणिज्यिक हानि कम करने के लिए 1372 करोड़ रुपए की मांग की है। कंपनी में 12,29,605 मीटरों को परिसर के बाहर करने के लिए 122 करोड़ एवं खराब और बंद मीटरों को बदलने के लिए 26 करोड़ तथा 37016 वितरण ट्रांसफार्मर्स पर मीटर लगाने के लिए 101 करोड़ रुपए राशि की मांग की है।

प्रस्ताव के अनुसार 4,25,632 कन्ज्यूमर्स को नियमित करने के लिए 108 करोड़ रुपए चाहिए। हाई वोल्टेज डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम के अंतर्गत 5/10/16 केव्हीए के ट्रांसफार्मर्स लगाने के लिए 90 करोड़ तथा पोल पर मीटर बॉक्स हेतु 66 करोड़ रुपए की आवश्यकता बताई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: