इंदौर.
दशहरा मैदान (शक्तिधाम) में रविवार को चौथे दिन भी मंत्रोच्चर के बीच यजमानों ने एक करोड़ आहुतियां दीं। महायज्ञ से शहर के पश्चिमी क्षेत्र में ‘कुंभ’ सा दृश्य दिखाई देने लगा। सोमवार को पैजावर तीर्थ के पीठाधीश्वर विश्वेश्वरतीर्थ महाराज व योगगुरु बाबा रामदेव शामिल होंगे।
रविवार सुबह 10 बजे तक परिक्रमा के लिए जगह ही नहीं बची, जिधर देखो उधर ‘आस्था’ से सराबोर लोग ही दिखाई दे रहे थे। यज्ञशाला की एक परिक्रमा में आधे घंटे से ज्यादा का समय लग रहा था। ज्वालादेवी के मंदिर के दर्शन के लिए लोगों की कतारें लगना शुरू हो गई। 9 बजे पं. ओमप्रकाश भट्ट के आचार्यत्व में स्थापित देवताओं का पूजन हुआ। इसके बाद दुर्गासप्तशती के मंत्रों के बीच आहुतियों का क्रम शुरू हुआ। दोपहर तक आहुतियां चलती रहीं।
अवधेशानंद महाराज ने तीन हजार लोगों को दीक्षा दी : सुबह 10 बजे अवधेशानंद महाराज ने तीन हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को दीक्षा दी। प्रभु प्रेमी संघ के अध्यक्ष सुशील बेरीवाला ने बताया 4 जनवरी को पुन: दीक्षा होगी।
पार्किग में भी वाहन रखने की जगह नहीं बची
दशहरा मैदान पर सुबह से ही लोग परिवार के साथ पहुंच रहे थे। दोपहर में पार्किग में भी वाहन रखने की जगह तक नहीं बची। स्थिति यह थी कि आसपास गलियों में वाहन खड़े किए।
टिफिन भी साथ लेकर आएं
दशहरा मैदान पर वैसे तो श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था है लेकिन ज्यादातर परिवार साथ में भोजन लेकर आए। सभी ने यज्ञशाला की परिक्रमा की बाद में प्रवचन पंडाल में भोजन किया।