नलखेड़ा. नलखेड़ा के एक किराना व्यापारी का अज्ञात ६ बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। व्यापारी को छोड़ने के एवज में पौने दो लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। घटना से नलखेड़ा में सनसनी फैल गई।
नलखेड़ा निवासी सुबोध पिता मूलचंद रूनवाल (५0) की ग्राम कुशलपुरा में किराना दुकान है। घटना रविवार दोपहर ३.३0 बजे ग्राम कचनारिया की है। वे नौकर कन्हैयालाल के साथ नलखेड़ा आ रहे थे कि छह अज्ञात बदमाशों ने बाइक को टक्कर मारकर गिराया और मारपीट कर साथ बैठाकर ले गए। नौकर को संदेश देने के लिए छोड़ दिया। कन्हैयालाल ने नलखेड़ा आकर परिजनों को जानकारी दी।
सुबोध के रिश्तेदार थाने पहुंचे व अपहरण की जानकारी दी। शाम ७ बजे अजय के मोबाइल पर सुबोध का फोन आया कि ‘मुझे ये लोग कुम्हारिया खास लेकर आए हैं, तुम पौने दो लाख रुपए लेकर आ जाओ’। अंतिम फोन रात ९.१५ बजे आया।
परिजनों ने इस पूरी घटना की पुष्टि की है। वहीं थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह भदौरिया ने घटना से इनकार किया है। एसपी जे.पी. अहिरवार का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वे मामले की जानकारी लेंगे।
पूरे नलखेड़ा में चर्चाओं का दौर
किराना व्यापारी सुबोध के अपहरण की घटना से पूरे नलखेड़ा में चर्चाओं का दौर गरम है। हर कहीं सिर्फ अपहरण की ही चर्चा हो रही है। बिजली गुल होने और कड़कड़ाती ठंड के बावजूद लोग बाजारों में एक-दूसरे से चर्चा करने में लगे हुए थे, वहीं सुबोध के निवास पर रिश्तेदारों व मित्रों की भीड़ जमा है।
>> मुझे इस संबंध में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है न ही अधिकारियों ने घटना से अवगत कराया है। यदि ऐसा हुआ है तो प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। घटना को छिपाने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
-एम.पी. द्विवेदी, आईजी