HomeNewsMetrosIndore Indore

देवास में उत्पात, एक की मौत

देवास. संघ के पूर्व प्रचारक व निनामा हत्याकांड के आरोपी सुनील जोशी की हत्या के दूसरे दिन रविवार को देवास जिला पूरी तरह बंद रहा। सुतारखेड़ा में उपद्रवियों ने एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मार दी जिससे एक की मौत हो गई और दो गंभीर हैं।

एक अन्य व्यक्ति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। शहर में रात से ही उत्पात शुरू हो गया, दुकान तथा वाहनों में तोड़फोड़ की तथा कुछ लोगों से मारपीट की। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने दोपहर 12 बजे पूरे जिले में धारा 144 लगा दी।

शनिवार रात नौ बजे बालगढ़ में सुनील जोशी की हत्या के बाद से ही समर्थकों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। रात में ही एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया, होर्डिग्स तोड़कर आग लगा दी तथा टायर जला दिए। रविवार सुबह बस स्टैंड के समीप तथा एबी रोड पर दो-तीन बसों के कांच फोड़ दिए तथा स्टेशन रोड व एमजी रोड पर पथराव कर दुकानें बंद करा दी।

सुबह नौ बजे केपी कॉलेज में स्नेह सम्मेलन की तैयारियों के बीच पहुंचकर मंच व कुर्सियां तोड़ दी तथा हंगामा मचाया। समझाइश देने आए सीएसपी आर.एस. प्रजापति के साथ धक्कामुक्की की गई तथा ड्राइवर के साथ मारपीट की। दोपहर तक पूरे शहर में सन्नाटा छा गया। स्थिति बिगड़ती देख अधिकांश लोग घरों से बाहर नहीं निकले।

उधर सुबह 10 बजे बाइक सवार कुछ लोगों ने रालामंडल व लक्ष्मीपुरा के बीच अकरम शाह फकीर के खेत स्थित मकान में आग लगा दी। इसके बाद ये लोग देवास से 35 किलोमीटर दूर सुतारखेड़ा पहुंचे जहां साढ़े 10 बजे एक मुस्लिम परिवार पर हमला कर दिया।

गोली लगने से रशीद शाह (60) की मौत हो गई जबकि उनके बेटे आशिक (25) व रईस (23) घायल हो गए। जलील पिता रशीद (22) पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। तीनों घायलों को पुलिस ने उज्जैन जिला चिकित्सालय में भर्ती किया और स्थिति गंभीर होने पर इंदौर रैफर किया गया।

इस घटना के बाद स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने दोपहर 12 बजे जिलेभर में धारा 144 लागू कर दी। दोपहर डेढ़ बजे सयाजी द्वार के सामने एबी रोड पर हिंदू संगठन के सैकड़ों लोगों ने चक्काजाम कर दिया। इस बीच सुनील जोशी की शवयात्रा निकली तो चक्काजाम करने वाले लोग भी शामिल हो गए। शाम को स्थिति शांतिपूर्ण होने पर इक्का-दुक्का दुकानें खुलने लगी।

पुलिस ने सख्ती की तो थाने का भी घेराव
शहर में हंगामा कर रहे युवकों पर पुलिस ने लाठियां चलाने का प्रयास किया तो विरोध करते हुए लोगों ने कोतवाली थाने का ही घेराव कर दिया। यही नहीं, हिंदूवादियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई.पी. अरजरिया से काफी देर तक तीखी बहस भी की।

>> स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुतारखेड़ा के हमलावरों में कुछ की पहचान हो गई है जिन्हें पकड़ लिया जाएगा। सुनील जोशी के हमलावरों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।
-आई.पी. कुलश्रेष्ठ, एसपी, देवास

तनाव भरे 20 घंटे
शनिवार रात 9 बजे बालगढ़ में संघ के पूर्व प्रचारक सुनील जोशी की गोली मारकर हत्या
रात में ही समर्थकों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी, एबी रोड पर चक्काजाम, होर्डिग्स तोड़कर आग लगा दी तथा टायर फूंके
रविवार सुबह 8.00 बजे शहर बंद कराने निकले हिंदू संगठन के लोगों ने करीब आधा दर्जन दुकानों तथा बसों में तोड़फोड़ की, इक्का-दुक्का लोगों से मारपीट भी हुई
8.30 बजे शासकीय केपी कॉलेज में स्नेह सम्मेलन की तैयारियों के बीच मंच व कुर्सियां तोड़ दी।
10 बजे रालामंडल व लक्ष्मीपुरा के बीच स्थित मकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दी
10.30 बजे सुतारखेड़ा में एक ही परिवार के तीन लोगों को गोली मार दी जबकि एक को जला दिया
दोपहर 12 बजे स्थिति बिगड़ती देख जिले में धारा 144 लागू कर दी गई
12.30 बजे कोतवाली थाने का घेराव
1.30 बजे सयाजी द्वार के सामने चक्काजाम
2 से 3.00 बजे के बीच सुनील जोशी की शवयात्रा निकली
शाम 5.00 बजे इक्का-दुक्का दुकानें खुलने लगीं





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: