भोपाल. राजधानी में नए साल की तैयारियां जोरों पर है और मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। 31 दिसंबर को तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इस दिन लोग देर रात तक घर से बाहर रहते हैं। डाक्टरों ने मौसम और नए साल के मद्देनजर शहरवासियों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
डाक्टरों का कहना है कि नया साल लोग संभलकर मनाएं। शिवम अस्पताल के संचालक डा. हितेष वाजपेयी के मुताबिक नए साल पर दुर्घटना के मामलों में इजाफा हो जाता है। कई लोगों को ठंड भी लग जाती है इसलिए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।
खास-खास
शराब पीने से बचें और नशे में गाड़ी न चलाएं।
न्यू इयर के जश्न के बाद अचानक खुले में न आएं, तापमान में परिवर्तन होने से दिक्कत हो सकती है।
ज्यादा ठंडे पदार्र्थो का सेवन न करें। पानी खूब पिएं।
मल्टी लेयर कपड़े पहनें।
खुले में कान गर्म कपड़ों से ढकें।
पुलिस की नजर
हेलमेट और गाड़ी के सभी कागजात लेकर चलना होगा।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों को थाने में गुजारना पड़ सकती है रात
70 स्थानों पर फिक्स पिकेट
सभी थानों, लाइन और ट्रैफिक की मोबाइल करेंगी लगातार पेट्रोलिंग
एक हजार से ज्यादा पुलिस बल रहेगा सड़क पर तैनात
मुख्य समारोह स्थलों के संचालकों को सूचित किया कि वे समय सीमा में कार्यक्रम करें तथा अश्लीलता नहीं फैलने दें।
समारोह स्थल संचालकों को करनी होगी सिक्युरिटी गार्ड की व्यवस्था
ब्रेथएनेलाइजर और स्पीड कंट्रोल लेजर गन से होगी वाहनों की चैकिंग
होशंगाबाद हाइवे के आरआरएल तिराहे पर होगी सख्त चैकिंग व्यवस्था
रात 11.30 के बाद खुले स्थान पर नहीं हो सकेगा कार्यक्रम