ब्यावर. निकटवर्ती छापरों का बाड़िया में चरागाह भूमि पर शनिवार आधीरात को गुपचुप बनाए जा रहे निर्माण कार्य को बंद कराने पहुंचे पुलिस दल पर ग्रामीणों ने घेरकर हमला बोल दिया। पथराव व लाठियों से किए गए हमले में थानेदार और दो कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस दल को जान बचाकर भागना पड़ा। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में भवन को ध्वस्त कर दिया।
सदर थाना पुलिस ने थानेदार की रिपोर्ट पर 20-25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सदर थाना पुलिस के अनुसार नून्द्री मेन्द्रातान ग्राम पंचायत क्षेत्र के छापरों का बाड़िया में चरागाह भूमि पर कुछ ग्रामीण अवैध रूप से भवन निर्माण करवा रहे थे। सूचना मिलने पर सदर थाने के एसआइ सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में पुलिस दल पहुंचा।
पुलिस ने पूछताछ शुरू ही की थी कि अंधेरे में खड़ी भीड़ ने घेरकर लाठियों व पत्थर से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिस दल को भागना पड़ा। थानेदार सुरेन्द्रसिंह और कांस्टेबल प्रेमबीरसिंह जख्मी हो गए।
थानेदार ने आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। उपखण्ड अधिकारी बीडी कुमावत, तहसीलदार गणपतलाल चितारा व डिप्टी हिम्मतसिंह भारी पुलिस बल लेकर पहुंचे और निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त कर दिया। अजमेर से भी अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया।
सदर थाना पुलिस ने थानेदार की रिपोर्ट पर छापरों का बाड़िया निवासी करीम बख्श पुत्र नबी बख्श, बशीर मोहम्मद, हाकम, साबुद्दीन, अब्दुल सत्तार, आमीन, हनीफ, नजीर सहित 20-25 अन्य के खिलाफ लाठियों एवं पत्थरों से प्राणघातक हमला करने, राजकार्य में बाधा डालने तथा सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया। जख्मी थानेदार व पुलिसकर्मियों का रविवार सुबह मेडिकल मुआयना करवाया गया।
>> ‘पुलिस को चरागाह भूमि पर भवन बनाने की सूचना मिली थी। सबइंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह मय जाप्ता मौके पर थे। ग्रामीणों ने अचानक हमला किया। हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।’
हिम्मतसिंह शेखावत,डिप्टी, ब्यावर