खींवसर-भावंडा.
नागौर के कालियास गांव में काश्तकारों ने बिजली चोरी रोकने गए दो बिजलीकर्मियों में से एक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। दूसरे कर्मचारी ने जैसे-तैसे भागकर जान बचाई। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घटना शनिवार रात की है। शंखवास विद्युत सब स्टेशन को कालियास में सोहनराम बांता के खेत पर बिजली चोरी कर नलकूप चलाने की शिकायत मिल रही थी। यहां कार्यरत विद्युतकर्मी रूमाराम नाई और अमराराम जाट नलकूप सीज करने पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई शुरू ही की थी, सोहनराम सहित करीब एक दर्जन काश्तकारों ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार बिजलीकर्मी अमराराम की रिपोर्ट पर सोहनराम बांता, रामनिवास और बलदेवराम सहित 10 लोगों के खिलाफ भावंडा थाने में मामला दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी शिवदानराम जाट निवासी धूधियाड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शव नहीं उठाने दिया : रविवार सुबह करीब 5 दर्जन हैल्पर कालियास में जमा हो गए। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और लंबी वार्ता के बाद वे शव उठाने पर सहमत हुए।
..ताकि हादसा लगे : आरोपियों ने हत्या को हादसे का रूप देने के लिए रूमाराम का शव खेत से उठाकर नलकूप के समीप डाल दिया। उस पर बिजली के नंगे तार डाल दिए गए, ताकि लगे कि मौत करंट से हुई है।