मेलबोर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में बल्ले से फेल रहे युवराज सिंह ड्रेसिंग रूम में अपने ‘रवैये’ से भारतीय टीम मैनेजमेंट को नाराज कर लिया है। युवी के व्यवहार से टीम के खिलाड़ी काफी असंतुष्ट हैं। ‘द एज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार भ्रमणकारी टीम मैनेजर लालचंद राजपूत ने कहा कि युवी के व्यवहार से कुछ दिक्कतें पैदा हरुई। हम सिडनी में उनसे आमने-सामने बात करेंगे।
भारत को सिडनी में अगले वर्ष 2 जनवरी से दूसरा टेस्ट मैच खेलना है। अखबार ने दावा किया है कि युवी से टीम के खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि मैनेजमेंट भी गुस्से में है। बॉक्सिंग टेस्ट में 0 व 5 रन ही बनाना उनके लिए भारी पड़ सकता है। उन्हें अंतिम 11 से बाहर रखा जा सकता है और वीरेंद्र सहवाग या दिनेश कार्तिक को लिया जा सकता है। इस मैच में युवी को अंतिम 11 में शामिल करने के लिए ही राहुल द्रविड़ को ओपनिंग में उतारा गया था। मेलबोर्न टेस्ट में युवी को अपने व्यवहार के कारण ही मैच रेफरी माइक प्रॉक्टर के सामने पेश होना पड़ा था। हालांकि इस मामले में उन्हें बरी कर दिया गया था।
राजपूत ने किया द्रविड़ का बचाव भारतीय टीम के सहायक कोच लालचंद राजपूत ने बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का बचाव करते हुए कहा है कि सिर्फ समय की बात है कि वे रन नहीं बना पा रहे हैं। राजपूत ने कहा कि मैं यह नहीं कहूंगा कि वे किसी तकनीकी कमजोरी से जूझ रहे हैं। यह सिर्फ दिमागी परेशानी है। जब कोई बल्लेबाज ऐसे खराब दौर से गुजरता है, तो थोड़े दिन में वह इससे जरूर उबर जाता है और मुझे विश्वास है कि द्रविड़ भी फॉर्म में शानदार वापसी करेंगे। वे जबर्दस्त जुझारू क्रिकेटर हैं और सब लोग जानते हैं कि वे देश की दीवार हैं। हम अब भी मुकाबले में : कुंबले
मेलबोर्न में खेले गए पहले टेस्ट में भारतीय टीम पर जबर्दस्त जीत के बाद कंगारूओं को सीरीज के बाकी मैचों में बहुत अधिक प्रतिस्पर्धा की उम्मीद नहीं होगी, लेकिन भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने चेताया है कि उनकी टीम अभी मुकाबले से बाहर नहीं हुई है।
कुंबले ने कहा कि मेरे विचार से टीम को डरा हुआ या मुकाबले से बाहर बताना गलत है। ऑस्ट्रेलिया ने खेल के सभी विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन जरूर किया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम कभी मुकाबले में थे ही नहीं।
हमारे गेंदबाजों ने योजना के अनुसार प्रदर्शन किया, पर बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहे और यही टीम की हार का कारण बना। मेलबोर्न का विकेट धीमा था। मुझे सिडनी में बेहतर विकेट की उम्मीद है।