Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
बॉलीवुड की नई सनसनी दीपिका पादुकोण भी अब ग्लैमर जगत के खट्टे-मीठे अनुभवों से गुजरने लगी हैं। खबर है कि हाल ही में उन्हें अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनने जा रही राकेश रोशन की फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
इस फिल्म में वे रितिक रोशन के अपोजिट नजर आने वाली थीं। सूत्रों ने बताया कि पश्चिमी नृत्यप्रधान इस फिल्म के किरदार के लिहाज से दीपिका फिट नहीं थीं इसीलिए अब उनकी जगह किसी और नायिका को लिया जा रहा है।
इस संबंध में राकेश रोशन से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनने जा रही इस फिल्म की नायिका का कैरेक्टर काफी जटिल है और मुझे लगा कि दीपिका इस किरदार के साथ पूरी तरह न्याय नहीं कर पाएंगी, इसलिए मुझे मजबूरन यह निर्णय लेना पड़ा। दीपिका भी इस बात को समझती हैं और हम भविष्य में किसी अलग प्रोजेक्ट पर जरूर साथ काम करना चाहेंगे।
बहरहाल, दीपिका के बाहर होने के बाद अब इस फिल्म के लिए नई नायिका की तलाश शुरू हो गई है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि लेटिन डांस पर आधारित इस फिल्म के लिए अब किसी गैर-भारतीय लड़की को लिया जाएगा। इसके लिए राकेश रोशन की कंपनी फिल्मक्राफ्ट निर्देशक अनुराग कश्यप के साथ मिलकर ऐसी लड़की की तलाश में है, जिसे ‘साल्सा’ डांस में महारत हासिल हो। इस रोमांटिक-एक्शन-थ्रिलर फिल्म की ज्यादातर शूटिंग विदेशी लोकेशनों पर की जाएगी। इस फिल्म के अगले वर्ष मार्च तक फ्लोर पर जाने की संभावना है।