News
International International इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी ने आम चुनाव को लेकर अपने रवैये में यूटर्न लेते हुए रविवार देर रात स्पष्ट संकेत दिए कि वह तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार 8 जनवरी को होने वाले आम चुनाव में शिरकत करेगी।
आत्मघाती हमले की शिकार हुईं पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की पार्टी ने भी चुनाव में भाग लेने की घोषणा कर दी है। शरीफ की पार्टी ने इससे पहले आम चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की थी।
शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन के नेता सिद्दीकी उल फारुक ने कहा कि बेनजीर की पार्टी पीपीपी ने चुनाव में भाग लेने की घोषणा करने के बाद हमसे भी चुनाव में भागीदारी की अपील की और इसलिए पार्टी ने अपना रुख बदलते हुए चुनाव लड़ने की हामी भर दी है। इस निर्णय की औपचारिक घोषणा पार्टी की बैठक के बाद 1 जनवरी को की जाएगी।
फारुक ने कहा कि उनकी पार्टी पाकिस्तान में लोकतंत्र बहाल करने और तानाशाही के खात्मे के लिए पीपीपी के साथ मिलकर संघर्ष करेगी। फारुक ने कहा कि पार्टी ने यह निर्णय शरीफ की आसिफ अली जरदारी के साथ हुई मुलाकात के बाद लिया है।