News
International International इस्लामाबाद. पाकिस्तान सरकार के इस दावे पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की मौत गोलियों से नहीं, बल्कि आत्मघाती हमले के बाद कार के सन-रूफ लीवर से सिर टकराने के कारण हुई।
सोमवार को ब्रिटेन के चैनल-4 पर दिखाए कुछ फुटेज ने पाक सरकार के इस दावे को और कमजोर कर दिया। फुटेज में दिखाया गया कि बेनजीर गोली चलते ही अपनी बुलेटप्रूफ कार के अंदर गिर र्गई थीं, जबकि आत्मघाती ने बम धमाका इसके बाद किया था।
गोली से उड़े बाल, स्कार्फ : फुटेज में बंदूकधारी एक क्लीन शेव युवा है, जो सफेद कमीज, गहरे रंग का जैकेट और काला चश्मा पहने हुए है। वीडियो फुटेज में गोलियों के झटके से बेनजीर का स्कार्फ और बाल भी हवा में उड़ते दिखाए गए हैं।
कार कंपनी ने किया खंडन : टोयोटा कंपनी के अधिकारियों ने भी इस बात का खंडन किया है कि बेनजीर की मौत कार के सन-रूफ लीवर पर सिर टकराने से हुई। कंपनी का दावा है कि कार का लीवर सन-रूफ की कोर से छह सेंटीमीटर अंदर होता है और इससे टकराकर किसी की मौत नहीं हो सकती। गौरतलब है कि जिस समय बेनजीर पर हमला हुआ, वे टोयोटा लैंड क्रूजर में सवार थीं।
पाक चुनाव: आज छंटेंगे अनिश्चितता के बादल!
आगामी आठ जनवरी को प्रस्तावित आम चुनाव पर छाए अनिश्चितता के बादलों के मंगलवार को छंट जाने की उम्मीद है। पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या के बाद हुए हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर चुनाव कुछ समय के लिए टालने का औपचारिक एलान किए जाने के संकेत हैं।
पाकिस्तान निर्वाचन आयोग के सचिव के. दिलशाद ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त काजी मोहम्मद फारूक की अध्यक्षता में हुई चुनाव पैनल की आपात बैठक के बाद बताया, ‘हमने प्रांतीय चुनाव आयुक्तों से उनके प्रांतों की मौजूदा स्थिति से जुड़ी रिपोर्ट तलब की है। इन रिपोर्टे के मिलने के बाद आयोग अंतिम फैसला करेगा।’
क्या चाहें दल?
* पीपीपी : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) नहीं चाहती है कि अगले हफ्ते प्रस्तावित आम चुनाव टाले जाएं, क्योंकि अभी चुनाव होने पर उसे सहानुभूति का लाभ मिल सकता है।
पीएमएल-एन: पाकिस्तान मुस्लिम लीग (पीएमएल)-नवाज के प्रवक्ता सिद्दीकुल फारूक के अनुसार पार्टी के नेता नवाज शरीफ ने चुनाव में भाग लेने का निर्णय किया है। पार्टी की सेंट्रल एक्जीक्यूटिव कमेटी मंगलवार को औपचारिक तौर पर इस निर्णय की घोषणा करेगी।
पीएमएल-क्यू: पार्टी अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन ने भी कहा कि उनकी पार्टी आगामी आम चुनाव में भाग लेने को तैयार है। पार्टी ने यह फैसला पीपीपी द्वारा चुनाव में भाग लेने के निर्णय के बाद लिया है।
शेयरों में गिरावट: सोमवार को पाकिस्तान के स्टॉक एक्सचेंज में शेयरों के प्रारंभिक कारोबार में 4.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों को चिंता है कि देश की राजनीतिक अस्थिरता 145 अरब डॉलर वाली अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकती है।