भोपाल.
प्रदेश के बुंदेलखंड, चंबल और बघेलखंड अंचल इन दिनों जमकर ठिठुर रहे हैं। इन अंचलों का बड़ा हिस्सा शीतलहर की चपेट में है। सोमवार की रात छतरपुर जिले के बिजावर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री पर पहुंच गया।
कड़ाके की ठंड के कारण यहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। आलम यह है कि दिन में भी लोग गर्म कपड़ों के लबादे ओढ़े नजर आ रहे हैं। रात में जल्दी ही सड़कों पर आवाजाही कम हो जाती है और बाजार सूने हो जाते हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा का रुख पूरी तरह से उत्तरी हो जाने के कारण इन इलाकों में तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार की रात नौगांव और रीवा में न्यूनतम तापमान दो-दो डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री और खजुराहो में चार डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
भोपाल में दिन भर चलती रही ठंडी हवा
नए साल के पहले दिन मंगलवार को राजधानी में दिन भर ठंडी हवा चलती रही। हवा की दिशा में परिवर्तन होने की वजह से शहर में कुछ दिनों से ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हवा की दिशा पूरी तरह से उत्तरी हो जाने पर ठंड और बढ़ेगी। अगले तीन-चार दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। जनवरी में भोपाल में कभी-कभी शीतलहर भी चलती है, लेकिन फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं है।