Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई. शेयर बाजार में बुधवार का दिन बेहद नाटकीय रहा। दिन भर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने गिरने के बाद 400 अंक की भरपाई की और 150 से ज्यादा अंक कमाकर बंद हो गया।
बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों ने आज खासा कमाल किया और बैंकेक्स 3 प्रतिशत से ज्यादा ऊपर चढ़ गया। इसके अलावा मिडकैप और स्मॉलकैप के चार्ट में भी आज बढ़त देखी गई हालांकि सुबह के सत्र में यह फिसला जरूर था। दिन भर के कारोबार के दौरान यूको बैंक, इलाहाबाद बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स बुधवार को 164.59 अंक कमाकर 20465.30 के आंकड़े पर बंद हुआ। वहीं शेयर बाजार का राष्ट्रीय सूचकांक निफ्टी 35.05 अंकों की बढ़त के साथ 6179.40 के आंकड़े पर। इससे पहले शुरुआती कारोबार में डेढ़ सौ से ज्यादा अंक उछलकर कुछ ही देर में 136 अंक नीचे आने के बाद दोपहर में फिर 19 अंकों की बढ़त हासिल कर गया।
बुधवार दोपहर 1.57 बजे सेंसेक्स 19.14 अंक ऊपर 20319 के आंकड़े पर था और निफ्टी 0.40 अंक ऊपर 6144.75 के आंकड़े पर। इससे पहले शुरुआती कारोबार में बढ़त लेने के बाद सुबह 10.30 बजे सेंसेक्स खिसककर 20164.68 के आंकड़े पर पहुंच गया था।