मुंबई.देश की अर्थिक राजधानी एकबार फिर शर्मसार हो गई है। नववर्ष के मौके पर एक फाइव स्टार होटल के बाहर कुछ लोगों के एक समूह ने दो युवतियों के साथ सरेआम छेड़खानी की। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई गई है।
बताया जाता है कि मंगलवार को रात एक बजकर 45 मिनट पर ये युवतियां अपने पुरुष मित्रों के साथ जूहू बीच जा रही थीं। इसी बीच युवकों का एक समूह इन पर फब्तियां कसने लगा। युवतियों ने फब्तियों पर आपत्ति जताई।
इसके बाद करीब 70 से 80 की संख्या में जमा युवकों के समूह ने इन्हें चारों तरफ से घेर लिया। दोनों युवतियां इस झुंड के आगे बेबस हो गईं। भीड़ ने दोनों के साथ बदतमीजी की। दोनों के कपड़े तक फाड़ डाले। काफी देर तक यह सिलसिला चलता रहा। बताया जाता है कि एक इंस्पेक्टर की अगुवाई में यातायात पुलिस की एक टीम ने भीड़ को वहां से भगाया और पीडि़तों को समीप के जुहू पुलिस थाने में ले गई। पुलिस ने अभी तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मुंबई पुलिस की एडिशनल कमिoAर अर्चना त्यागी ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया है। त्यागी ने पीडि़तों से आगे आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि होटल के बाहर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था थी। क्लोज सर्किट कैमरे के साथ ही स्टेट रिजर्व पुलिस बल के जवान भी वहां तैनात थे। गौरतलब है किइसी प्रकार की एक घटना पिछले साल नववर्ष पर हुई थी। उस समय गेटवे आफ इंडिया पर एक लड़की के साथ नववर्ष मनाने वाले हुड़दंगियों ने इसी तरह छेड़छाड़ की थी।