सिडनी. भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले ने बल्ले के साथ जूझ रहे बेहतरीन बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को खुलकर खेलने की सलाह दी है।
कुंबले ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के बारे में कहा कि बिना किसी दबाव के खेलना शुरू करते ही द्रविड़ के बल्ले से रनों का निकलना अपने आप शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि इंग्लैंड के सफल दौरे से लौटने के बाद से ही द्रविड़ के बल्ले पर ग्रहण लगा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबोर्न में गत सप्ताह खेले गए पहले टेस्ट मैच में उनसे ओपनिंग करवाई गई लेकिन वह वहाँ पर भी दोनो पारियों में असफल रहे।
उन्होंने कहा कि 'बस यह समय की बात है कि द्रविड़ के बल्ले से रनों की बरसात कब शुरू होती है। उन्हें बस खुले दिमाग से खेलने की जरूरत है और अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो पूर्व में किए गए अपने शानदार प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ देंगे।'
लेकिन कुंबले को विदेश में सर्वाधिक सफल रहे इस भारतीय बल्लेबाज पर पूरा यकीन है। उन्होंने कहा, 'मैंने उन्हें पूरी तरह रिलैक्स रहने को कहा है। मुझे लगता है कि हमें पुरानी बातों के बारे में सोचना बंद करके उन सकारात्मक चीजों की तरफ ध्यान देना है जिन्हें हमने अतीत में अंजाम दिया है।'