सिडनी. भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन गलत फैसले देने का आरोप लगाते हुए टीम इंडिया अंपायर स्टीव बकनर के खिलाफ शिकायत करेगी। इससे पहले शतक ठोकने वाले ऑसी बल्लेबाज एंड्रयू साइमंड्स ने कहा था कि आज के मैच के दौरान वे भारतीय पेसर ईशांत की गेंद पर आउट हुए थे।
अंपायरों द्वारा गलत निर्णय देने का मुद्दा बुधवार को एक बार फिर चर्चाओं में रहा जब ईशांत की गेंद पर आउट हुए साइमंड्स को नॉट-आउट करार दिया गया। दर्शकों की चर्चाओं से यह मुद्दा अब विवाद की ओर अग्रसर हो गया जब साइमंड्स ने खुद बयान दे दिया कि वे आउट थे और उनके पक्ष में निर्णय दिया गया।
ईशांत की गेंद पर एज लेती हुई बॉल को विकेट के पीछे धोनी ने लपका था लेकिन अंपायर ने साइमंड्स को आउट करार नहीं दिया। दूसरी बार साइमंड्स कुंबले की गेंद पर धोनी के हाथों स्टंपिंग के शिकार हुए लेकिन इस बार उन्हें तीसरे अंपायर की दरियादिली नसीब हुई।
दूसरी तरफ, पिछले मैच में पोंटिंग गलत आउट करार दिए जाने पर मैदान पर बिफरे थे लेकिन इस मैच में उन्हें भी अंपायरों की नरमी नसीब हुई और वे भी एक बार आउट होते हुए भी मैदान पर डटे रहे।
साइमंड्स ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद साफ तौर पर कहा कि आज अंपायरिंग का स्तर काफी खराब रहा और अंपायरों की मेहरबानी के कारण ही वे अपना शतक पूरा कर सके।
तकनीक का मामला :
पहले दिन के मैच के बाद साइमंड्स ने अंपायरों के गलत निर्णय को सामने लाने वाला बयान देने के साथ ही स्वीकारा कि क्रिकेट का मजा इसमें नहीं है कि आप ज्यादा तकनीक का इस्तेमाल कर एकदम सटीक निर्णय की अपेक्षा करें। इस तथ्य पर पहले भी कुछ और खिलाड़ियों ने मुहर लगा रखी है।
अलग होती तस्वीर :
15 रन के निजी स्कोर पर ईशांत की गेंद पर आउट होने वाले साइमंड्स के पक्ष में गलत फैसला न दिया जाता तो दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन अगल तस्वीर होती। उसके बाद एक और गलत फैसला साइमंड्स के पक्ष मंे गया नतीजतन साइमंड्स शतक बनाने में कामयाब रहे। अगर गलत फैसलों की झड़ी न लगी होती तो 134 रन पर छह विकेट झटक चुके भारत की स्थिति इस मैच में आज काफी मजबूत हो गई होती।