मुंबई.
टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा की एक तस्वीर फिर चर्चा का विषय बन गई है। इस तस्वीर में सानिया मिर्जा को तिरंगे के आगे पांव रखे हुए दिखाया गया है। यह तस्वीर एक प्रसिद्ध न्यूज एजेंसी के फोटोग्राफर द्वारा खिंची गई थी।
आखिर क्या है तस्वीर में
जब हम इस तस्वीर को देखते हैं तो ऐसा लगता है कि सानिया का पैर तिरंगे के ठीक सामने है। लेकिन अभी इस बात पर हम केवल एक पक्ष देख सकते हैं। चित्र वास्तव में ऐसा है या फिर फोटोग्राफर ने कुछ ट्रिक का इस्तेमाल करके इस फोटो को खींचा है। चित्र को देखने के बाद यह तो पता चल रहा है कि तिरंगे से उनका पैर टच नहीं कर रहा है लेकिन वह बहुत पास में और राष्ट्रीय ध्वज के ठीक सामने है। वास्तव में सच क्या है यह तो फोटोग्राफर ही बता सकता है।
इस तस्वीर पर भास्कर डॉट कॉम ने पाठकों से जानना चाहा कि सानिया मिर्जा कि इस तस्वीर को देखने के बाद उनकी क्या प्रतिक्रिया है ?
पाठकों की ओर से हमारे पास ढेर सारे संदेश आए जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत से अधिक लोगों का कहना है कि सानिया को ऐसा नहीं करना चाहिए था। वहीं कुछ लोग कह रहे हैं कि सानिया ने ऐसा जानबूझकर नहीं किया है, उनसे यह भूल अंजाने में हुई है और इस बात को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। ऐसे पाठकों की भी संख्या काफी ज्यादा है जो यह मानकर चल रहे हैं कि सानिया युवाओं की रोल मॉडल हैं और उनसे इस बात की अपेक्षा नहीं थी । सानिया को अपनी इस भूल के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
वहीं कुछ पाठकों की राय है कि मीडिया को इस प्रकार की खबरों से बचना चाहिए क्योंकि सानिया जैसे खिलाड़ी देश का मान बढ़ाने के लिए खेलते हैं ना कि कम करने के लिए। वह भी एक इंसान हैं और हो सकता है कि उनसे भूल हो गई हो। २0 प्रतिशत पाठकों की राय है कि मीडिया को इस बात को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए।
क्या कहते हैं पाठक
मुझे लगता है कि सानिया ने शायद इस बात पर ध्यान नहीं दिया होगा कि उनके पैर के पास तिरंगा झंडा रखा है, वरना वो ऐसी भूल नहीं करतीं।
प्रियंक
उन्होंने भूल तो की है और उनको इस बात के लिए खेद जताना चाहिए और हम सभी को अपने राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना चाहिए।
सुरेश
जिस तिरगें को हम सलाम करते है उसको पैर दिखाना हमारे मुहॅ पर तमाचा मारने जैसा है।
शैलेन्द्र कुमार सिंह
सानिया इस तरह नहीं कर सकती यह मीडिया वालों की चाल है। मीडिया ने फोटो ट्रिक का इस्तेमाल करके ऐसा किया है ।
कुलविंदर
मेरा मानना है कि यह बेहद शर्मनाक है । एक भारतीय होने के नाते मुझे अपने आप पर गर्व है और हमारे राष्ट्रीय ध्वज का स्थान हमेशा शीर्ष पर होता है ना कि पैर के पास। ऐसी भूल क्षमा योग्य नहीं है और इसके लिए सजा होनी चाहिए ताकि आगे से कोई भी व्यक्ति इस तरह की भूल ना कर सके।सिद्धू , न्यूजीलैंड से एक पाठक