Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood बॉलीवुड
शाहिद कपूर से ब्रेकअप के बाद छोटे नवाब यानी सैफ अली खान के साथ नाता जोड़ चुकीं करीना कपूर अब उनसे भी खफा बताई जा रही हैं। खबर है कि सैफ के होम प्रोडक्शन में बनने वाली पहली फिल्म में नायिका के रूप में बॉलीवुड की नई सनसनी दीपिका पादुकोण का चयन करने से बेबो काफी नाराज हैं और उन्होंने सैफ से अपनी नाराजगी भी जताई।
गौरतलब है कि सैफ अली खान भी अब फिल्म निर्माण में उतर रहे हैं और उन्होंने अपनी पहली फिल्म का काम शुरू कर दिया है। सैफ की पहली फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली कर रहे हैं जिनकी हाल ही में प्रदर्शित फिल्म ‘जब वी मेट’ अच्छी-खासी सफल रही है।
इम्तियाज ने अपनी इस फिल्म के लिए बतौर नायिका दीपिका पादुकोण का चयन किया है। सूत्रों ने बताया कि हालांकि इस रोल के लिए छोटे नवाब की पहली पसंद उनकी गर्लफ्रेंड करीना ही थीं, लेकिन इम्तियाज ने करीना के बजाय दीपिका को चुना। विशेष बात यह है कि इम्तियाज की हालिया हिट फिल्म ‘जब वी मेट’ में करीना ही नायिका थीं।
बहरहाल, इस मसले पर सैफ और इम्तियाज के बीच चर्चा भी हुई और आखिर में सैफ ने इम्तियाज की बात मान ली। सैफ अपनी इस फिल्म की शूटिंग मई से शुरू करने वाले हैं। करीना के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि बेबो को यह बात बहुत नागवार गुजरी है कि सैफ की होम प्रोडक्शन की फिल्म के लिए उनकी बजाय दीपिका को लिया जा रहा है।
जब उन्होंने इसको लेकर सैफ से नाराजगी जताई तो सैफ ने उन्हें समझाया कि वह इस किरदार के लिहाज से उपयुक्त नहीं हैं, इसीलिए उनका चयन नहीं किया। हालांकि सैफ ने करीना से वादा किया है कि वे अपनी अगली फिल्म में उन्हें जरूर लेंगे।
निर्देशक इम्तियाज अली ने भी दीपिका को लेने की पुष्टि करते हुए बताया कि करीना बहुत अच्छी अभिनेत्री हैं, लेकिन यह किरदार उनके लिए नहीं है। मैं उनके लिए अच्छा रोल लिखूंगा और फिर उनके साथ काम करूंगा।