HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

आकर्षक घोषणाओं के साथ फरवरी में बजट

रायपुर. मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह तथा उनकी सरकार अगले वर्ष के बजट की तैयारियों में जुट गई। शुक्रवार से मंत्रियों से बातचीत का दौर शुरू हो गया। फरवरी में पेश किया जाने वाला यह बजट चुनावी होगा।छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव नवंबर 2008 के दूसरे पखवाड़े में संभावित है। इस कारण आने वाले बजट में चुनावों का साया रहेगा। बजट में मुख्यमंत्री अनेक घोषणाएं कर सकते हैं। इसकी तैयारी शुरू हो गई।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री अगले 10 दिन बजट की तैयारियों में व्यस्त रहेंगे। इस दौरान वे मंत्रियों से उनकी योजनाओं पर बात करेंगे। इसके बाद अफसरों के साथ बजट का स्वरूप तय किया जाएगा।बजट किस तरह आकर्षक रहे, इसके लिए विचार-विमर्श की शुरुआत राजस्व एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से की गई है। उनके सात विभागों पर मुख्यमंत्री ने बातचीत की। पुरानी योजनाओं में कितनी राशि बढ़ाने की आवश्यकता है और नई योजनाओं के लिए कितनी राशि लगेगी, बातचीत इसपर केंद्रित रही।

अगले साल एक लाख भूमिहीन ग्रामीणों को पट्टा देने, किसानों को नक्शे-खसरे की नकल निशुल्क देने और आदिवासियों को उनकी काबिज भूमि का अधिकार पत्र देने का अभियान विशेष तौर पर चलेगा। इसके अलावा पर्यटन और खेल की अधूरी योजनाओं के लिए राशि बढ़ाने पर चर्चा हुई। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को इस साल नए साज सज्जा के साथ तैयार कर लिए जाने की संभावना है। राजिम कुंभ के लिए भी राशि बढ़ाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने दूसरे चरण में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और स्कूल शिक्षा मंत्री अजय चंद्राकर की विभागीय योजनाओं पर चर्चा की। दोनों विभाग की पुरानी योजनाओं में राशि बढ़ाने पर ही मुख्य रूप से चर्चा केंद्रित रही। बताते हैं कि मुख्यमंत्री ने दोनों मंत्रियों से चर्चा के दौरान पुरानी योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में भी बात की। योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ नई योजनाओं पर ध्यान फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।

सत्र में करीब 30 बैठकें
विधानसभा का बजट सत्र 11 फरवरी शुरू होगा। संभावना है कि 25 फरवरी के बाद किसी भी दिन बजट पेश किया जाएगा। पहले बजट सत्र को टाइट रखने पर विचार चल रहा था, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह अब तकरीबन 30 बैठकों वाला रहेगा। सत्र 20 मार्च तक चलने के आसार हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: