इंदौर. एक युवक ने दस हजार रुपए नहीं मिलने से नाराज होकर चार वर्षीय टीना को चाकू से गोदकर मार डाला। उसकी सगाई बच्ची की बड़ी बहन से हुई थी लेकिन बाद में उसने किसी और से शादी कर ली। सगाई के पहले दिए दस हजार रुपए नहीं लौटाए।
सीएसपी गिरीश सूबेदार ने बताया सिद्धार्थनगर निवासी चार वर्षीय टीना के पिता गब्बू ने सालभर पहले पीपल्यापाला निवासी धर्मू पिता नवलसिंह से बड़ी बेटी सोना की सगाई की थी। आदिवासी रीति के अनुसार उससे 10 हजार रुपए भी ले लिए। उधर, सोना ने अहिरखेड़ी के एक युवक के साथ भागकर शादी कर ली। धर्मू रुपए वापस मांगने लगा तो एक महीने पहले दोनों पक्षों में जमकर विवाद भी हुआ।
अगवा कर की हत्या : गुरुवार रात 11.45 बजे टीना घर से गायब हो गई। गब्बू ने बताया रात 10 बजे वह काम से लौटा तो टीना भाई-बहनों के साथ थी। लापता होने पर उसने अन्नपूर्णा थाने को सूचना दी। पुलिस तथा परिजन टीना को ढूंढ़ ही रहे थे कि शुक्रवार दोपहर 2 बजे उसकी लाश घर के पीछे रेलवे ट्रैक के पास मिल गई।
खूब दौड़ाया पुलिस को : एडीशनल एसपी मनोजकुमार सिंह ने बताया गब्बू ने टीना की हत्या के लिए धमरू को ही जिम्मेदार ठहराया। तब उसकी तलाश में टीम रवाना की। घर पर नहीं मिला। पता चला क्लर्क कॉलोनी में है। शाम को वहां पुलिस पहुंची तो भाग निकला। तब पुलिसकर्मियों ने लंबी दौड़ लगाने के बाद बाइक सवार दो युवकों की मदद से उसे धर लिया। सीएसपी सूबेदार ने बताया कड़ी पूछताछ में उसने कबूला पांच दिन पहले रुपए मांगने गया था तब गब्बू ने फालिया दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। उसी से आक्रोश में आकर टीना की हत्या कर दी।
जबर्दस्ती की आशंका : पोस्टमॉर्टम डॉ. भरत वाजपेयी तथा डॉ. वृंदा राठी की टीम ने किया। शार्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या की पुष्टि की। सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट में टीना के साथ जबर्दस्ती के प्रयास के भी संकेत मिले जिसकी जांच की जा रही है।
यूं खत्म हुई जिंदगी
अपहरण : गुरुवार रात 11.45 बजे
कहां से : सोते समय घर से
लाश मिली : शुक्रवार दोपहर 2 बजे
कहां : घर के पीछे रलवे ट्रेक के पास
आरोपी पकड़ा : शाम 7 बजे
जुर्म कबूला : रात 8.30 बजे