इंदौर.
एबी रोड के किनारे निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल की चौथी मंजिल की छत भरते वक्त सेंटिंग गिर गई जिससे आठ मजदूर घायल हो गए। तीन मजदूरों की स्थिति गंभीर बनी हुई है जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा शुक्रवार सुबह स्कीम-54 (पी-4) में निर्माणाधीन मॉल सेंचुरी-21 में हुआ। करीब साठ फीट की ऊंचाई पर बल्लियों के सहारे टिके तराफों पर छत भरी जाना थी। इसके लिए सुबह 11.30 बजे आठ मजदूर पहुंचे। एक हिस्से में काम चल ही रहा था कि अचानक आधे से ज्यादा सेंटिंग स्ट्रक्चर ढह गया। इससे तीन मजदूर नीचे गिरे और बाकी बल्लियों और सरियों में फंस गए जिन्हें कुछ लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घायल तीन मजदूरों को ठेकेदार अपने वाहन में ले गया। वे कहां हैं किसी को नहीं पता।
तीन अन्य मजदूरों (मनीष, रोहित और मुन्ना) को बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मॉल गुरजीतसिंह छाबड़ा का है। हादसे के बाद से इंजीनियर गायब हैं। मौके पर पहुंचे नगर निगम के सहायक रिमूवल अधिकारी आर.एस. सोलंकी ने इसके लिए ठेकेदार व बिल्डर को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा छत का बेस कमजोर था। सेंटिंग भी ठीक से नहीं की गई थी। उन्होंने निगम के अधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहराया। इधर, विजयनगर क्षेत्र के जोनल अधिकारी डी.आर. लोधी ने जिम्मेदारी नकारते हुए कहा हमारा काम सिर्फ स्वीकृत नक्शे के विपरीत हो रहे निर्माण को रोकना है।
सामने थी मौत
सरिए पर लटककर बचे मजदूर हरिसिंह ने बताया आठ मजूदर एकसाथ छत के एक भाग पर खड़े हुए तो वह गिर गई। जैसे ही सेंटिंग गिरी मैंने सरिया पकड़ लिया। तब ऐसा लग रहा था जैसे मौत सामने है।
मिलीभगत की मंजिलें
1- 60 फीट की ऊंचाई पर कमजोर बल्लियों के जोड़ पर सेटिंग खड़ी करना तकनीकी रुप से गलत
2- आमतौर पर लोहे की पैनल वाला स्ट्रक्चर होता है इस्तेमाल
3- लिफ्ट या क्रेन जैसी दोनों मशीनें नहीं थी।
4- नक्शा स्वीकृत करने के बाद नगर निगम अधिकारियों ने नहीं ली सुध।
5- पहले हुए हादसों के दागी इंजीनियरों पर अभी तक नहीं हुई कार्यवाही।
6- निर्माणाधीन इमारतों के पास सुरक्षा और बचाव के पुख्ता इंतजाम जरूरी होने के बावजूद मौके पर बचाव का कोई इंतजाम नहीं।
फिर वही कसरत
एबी रोड स्थित निर्माणाधीन मॉल सेंचुरी-21 में शुक्रवार सुबह हुए हादसे के बाद नगर निगम ने बिल्डर को काम बंद करने का नोटिस जारी करते हुए मॉल की भवन अनुज्ञा निरस्त करने चेतावनी भी दी।
विजयनगर जोनल अधिकारी डी.आर.लोधी ने बताया नोटिस में बिल्डर को स्पष्ट कंर दिया है कि उसकी लापरवाही के चलते मजदूरों की जान पर बन आई। ऐसे में निर्माणाधीन भवन का काम बंद कर दिया जाए।
निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल की छत भरने के दौरान यह हिस्सा ढहा। तीन मजदूर नीचे गिरे। तीन सरियों और दो बल्लियों में अटके।हादसा हुआ तो मैं क्या करूं मैंने पहले भी कई काम किए। अब हादसा हो गया तो मैं क्या करूं? मैंने सभी का बीमा करवा रखा है, इलाज में परेशानी नहीं आएगी। केवल तीन लोग घायल हुए हैं, आठ नहीं। मैंने किसी भी घायल मजदूर को नहीं छिपाया।-लक्ष्मीनारायण, ठेकेदार, सेंचुरी२
ठेकेदार लक्ष्मीनारायण की लापरवाही से ऐसा हुआ। अब उसे हटाकर खुद काम करवाऊंगा। मैं जिम्मेदार नहीं लेकिन घायलों का इलाज करवा रहा हूं। उन्हें 25-25 हजार रुपए की सहायता भी दूंगा।-गुरजीतसिंह 'पिंटू' छाबड़ा, बिल्डर, सेंचुरी-21, कंस्ट्रक्शन