News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. तीव्र शीतलहर के बीच आज सुबह आकाश में पतली परत के बादल छाए थे। दोपहर तक धीमी रफ्तार की शीतलहर चलती रही। ठंड से पीड़ित नन्हें छात्रों की सुरक्षा के दृष्टिगत स्कूली शिक्षा विभाग ने सुबह की पाली में संचालित शासकीय व निजी स्कूलों के समय में परिवर्तन के निर्देश दिए हैं। शैक्षणिक संस्थाएं अब सुबह 8.30 बजे से पूर्व प्रारंभ नहीं हो सकेंगी। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। आदेश का पालन न करने पर संबंधित संस्था प्रमुख के विरुद्ध प्रकरण मानव अधिकार आयोग को प्रेषित किया जाएगा।
सुबह आसमान साफ था और 10 बजे तक हवा थमी रहने से पिछले दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को कम ठंड का अंदाजा लगाया जा रहा था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, सुबह 10 बजे के बाद दो किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से शीतलहर चलने लगी। देखते ही देखते पतली परत के बादलों की टुकड़ियां छा र्गइ। 11.30 बजे शीतलहर की रफ्तार तीन किलोमीटर प्रतिघंटा होने और वातावरण में धुंध सी छा जाने से ठिठुरन बढ़ गई। दोपहर 12.20 बजे यह रफ्तार चार किलोमीटर प्रतिघंटा हो गई।दोपहर बाद मौसम में मामूली बदलाव हुआ और हवा की रफ्तार कम हो गई। आसमान भी साफ हो गया जिससे शीतलहर से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। सुबह हवा में नमी की मात्रा 68 व शाम को 40 प्रतिशत रही।