भोपाल. राजधानी का नया मास्टर प्लान जल्दी लागू किया जाएगा। यह बात संभागायुक्त पुखराज मारू ने शुक्रवार को सिटीजन फोरम की बैठक में कही। बैठक में जलदर में बढ़ोतरी करने व संपत्तिकर का युक्तियुक्तकरण करने की मांग भी की गई।
श्री मारू ने कहा कि मास्टर प्लान पर तेजी से काम किया जा रहा है। भोपाल को स्वच्छ व सुंदर बनाने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। मास्टर प्लान की तैयारियों से जुड़े अधिकारी भी यह सुनिश्चित कर लें कि उन्हें तय समय सीमा में काम पूरा करना है। फोरम के सदस्यों ने अवैध निर्माण पर कड़ाई से कार्रवाई करने की मांग की। नालों से अतिक्रमण हटाने, सीवेज लाइन दुरुस्त करने, ठोस अवशिष्ट प्रबंधन के लिए आधुनिक प्रबंधन तकनीक को अमल में लाने के सुझाव दिए।
कलेक्टर आरके माथुर ने कहा कि भोपाल का राजधानी के अनुरूप विकसित किया जाएगा। यातायात व्यवस्था में भी व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। बैठक में फोरम के सदस्य एसकेएस चहल, अरुण गुर्टू, बीएम नामदेव, डा. एनपी मिश्रा, ब्रिगेडियर प्रवीर गोस्वामी आदि शामिल थे।
नो व्हीकल जोन की तारीफ
बैठक में सिटीजन फोरम के सदस्यों ने न्यू मार्केट को 'नो व्हीकल जोन' बनाने की तारीफ की। उन्होंने दस नंबर में यह व्यवस्था लागू करने की हिमायत की। लखेरापुरा में नो हाकर्स जोन बनाने पर भी चर्चा हुई।