HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

400 से ज्यादा गांवों में फिर अंधेरा

अजमेर. राज्य में चल रहे बिजली संकट के चलते जिले के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार शाम को सप्लाई दोबारा बंद कर दी गई। इससे 400 से ज्यादा गांव और ढाणियां फिर अंधेरे में डूब गए। डिस्कॉम अफसरों ने दावा किया कि गांवों में करीब दो घंटे बाद सप्लाई फिर शुरू कर दी गई। जयपुर के लोड डिस्पैेच सेंटर से 220 केवीए मदार पावर स्टेशन पर शाम सवा छह बजे ग्रामीण इलाकों में बिजली बंद करने की सूचना दी गई।

यहां से 132 केवीए के सराधना, भैंरूदा, मालपुरा, किशनगढ़, नसीराबाद, केकड़ी, ब्यावर सहित जिले के अन्य ग्रामीण इलाकों में बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई। गौरतलब है कि गुरुवार को भी जिले के 400 गांवों व ढ़ाणियों मे सप्लाई बंद होने से अंधेरा छा गया था।

शहरी इलाके प्रभावित नहीं
डिस्कॉम द्वारा बिजली की आपूर्ति बंद करने से शहरी इलाकों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। किशनगढ़, ब्यावर, नसीराबाद, केकड़ी और पुष्कर सहित अन्य शहरी इलाकों में कटौती नहीं की गई। जल वितरण से जुड़े कनेक्शनों को भी सप्लाई दी गई।

‘सूरतगढ़ इकाई में टेक्निकल फॉल्ट’
अजमेर डिस्कॉम के सीएमडी एसआर बंसल ने बताया कि राज्य में चल रहे बिजली संकट के कारण ग्रामीण इलाकों में सप्लाई बंद की गई। बंसल ने बताया कि सूरतगढ़ की बिजली उत्पादन इकाई में आई तकनीकी खराबी और 500 मेगावाट की सिंगरोली इकाई से पर्याप्त मात्रा में सप्लाई नहीं मिलने के कारण संकट बढ़ गया। उन्होंने बताया कि सर्दी बढ़ने के कारण बिजली की खपत में भी तेजी आई है। इसके अलावा फसल का सीजन भी चल रहा है। इस वजह से खपत ज्यादा है और सप्लाई कम।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: