भोपाल.
शहर में सड़कों को सुधारा जा रहा है, लेकिन उनके रखरखाव की तरफ किसी का ध्यान नहीं है। कुछ स्थानों पर करोड़ों रुपए से बनी सीमेंट कांक्रीट की सड़कें अतिक्रमण की शिकार हो गई हैं। इसके लिए सरकारी एजेंसियों के साथ आम लोग भी जिम्मेदार हैं।
सुभाष नगर, कबाड़खाना, एमपी नगर जहां देखें, वहां सीमेंट कांक्रीट की सड़कें दुर्दशा की शिकार नजर आती हैं। लोक निर्माण विभाग ने करीब सात करोड़ रुपए की लागत से प्रभात चौराहे से हबीबगंज क्रासिंग तक करीब साढ़े चार किमी सड़क बनाई है। इसमें करीब दो किमी सड़क सीमेंट कांक्रीट की है। सुभाष नगर स्थित मैकेनिकों की दुकान के सामने पता ही नहीं लगता कि यहां नई सड़क बनी है।
इसमें एक ओर की सड़क पर पूरी तरह मैकेनिकों का कब्जा है। यह सड़क पूरी तरह बंद कर दी गई है। यहां ट्रक व अन्य वाहन खड़े रहते हैं। यहां के एक मैकेनिक का कहना था कि यहां सभी ने अतिक्रमण किया है, फिर हम क्यों नहीं करें। इससे हमारा धंधा पिट जाएगा।
पीएस का दौरा
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव राघवचंद्रा शनिवार को कोकता स्थित ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा करेंगे। नगर निगम इसे विकसित कर रहा है। शहर में चलने वाली ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित किया जाना है। इसके लिए सभी ट्रांसपोर्टरों को यहां भूखंड दिए जाने हैं। इसमें कुछ गतिरोध हैं, राघवचंद्रा शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर की सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद ट्रांसपोर्टरों को वहां भेजने के संबंध में कड़े कदम उठाए जाने की संभावना है।
गड्ढे किए
इसी तरह नया कबाड़खाना क्षेत्र में नगर निगम ने सात करोड़ रुपए से विकास कार्य कराए हैं। यहां पूरे क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट की सड़कें बनी हैं। यहां भी कबाड़ियों ने सड़क में अतिक्रमण कर लिया है। हद तो यह है कि सीमेंट की सड़क पर गbे करके शेड तान दिए गए हैं। यहां पिछले दिनों नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए कुछ शेड हटाए थे, लेकिन वहां फिर अतिक्रमण हो गया है। यहां सड़कों पर बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं। व्यवसायी मो. इस्माइल के अनुसार अतिक्रमण को हटाना चाहिए। सब के साथ एक सा व्यवहार होना चाहिए।
एमपी नगर में सीमेंट कांक्रीट की सड़कें पार्किग के लिए इस्तेमाल हो रही हैं। यहां नगर निगम करीब पांच करोड़ रुपए का काम कर रहा है। यहां दिलचस्प यह है कि एक शापिंग कांप्लेक्स के सामने गाड़ी खड़ी करने पर ट्रेफिक पुलिस वाहन उठा ले जाती है, लेकिन अन्य स्थानों पर उसकी नजर नहीं जाती। लोग तो मजाक में यह कहने लगे हैं कि इतनी महंगी पार्किग राजधानी में कहीं नहीं बनी।
कबाड़खाना में नगर निगम ने मुहिम चलाई थी, यदि वहां फिर अतिक्रमण हुआ है, तो उसे तुरंत हटाया जाएगा। सुभाष नगर के मैकेनिकों व ट्रांसपोर्टर जल्द ही ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्ट होंगे। एमपी नगर में फिलहाल काम चल रहा है, इसके बाद वहां भी कार्रवाई होगी। - निकुंज कुमार श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त
सुभाष नगर, एमपी नगर और कबाड़खाने में ट्रक मरम्मत और माल खाली करने के लिए जाते हैं, लेकिन वे लंबे समय तक वहां खड़े रहते हैं। उनके खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है। -अरविंद सक्सेना एएसपी, ट्रैफिक