News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एमओयू साइन होने से ठीक डेढ़ घंटा पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस प्रोजेक्ट में हरियाणा की बराबर की भागीदारी को लेकर अड़ गए। एयरपोर्ट पर समारोह के दौरान उन्होंने प्रफुल्ल पटेल से कहा, ‘चंडीगढ़ में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जरूरत है। जब यहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट बने तो उसमें हरियाणा की भी बराबर की भागीदारी होनी चाहिए।’ हुड्डा की इस बात पर मंच के सामने बैठे मीडिया के लोग भी हैरान थे।
उनका कहना था कि ऐसा कैसे हो सकता है कि एमओयू के बारे में हुड्डा को जानकारी ही न हो।
फोन के बाद बदला खेल: मंच पर बैठे प्रफुल्ल कुमार हुड्डा की बात गंभीरता से सुन रहे थे। इससे पहले मंच पर आते ही प्रफुल्ल के मोबाइल पर एक कॉल आई। काफी देर तक मोबाइल पर ही किसी से बात करने के बाद वे उठे और हुड्डा को फोन थमा दिया। फोन सुनते हुए हुड्डा मंच से उतर गए और कुछ देर के बाद लौटे। बस इतने में ही सारा खेल बदल गया।
केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पवन कुमार बंसल, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और पंजाब के राज्यपाल जनरल (रिटायर्ड) एस. एफ. रोड्रिग्स के बोलने के बाद जब प्रफुल्ल ने लोगों को संबोधित किया तो उन्होंने नपे तुले अंदाज में कहा, ‘चंडीगढ़ एयरपोर्ट की एक्सपैंशन के बाद यहां डोमेस्टिक और इंटरनेशनल दोनों तरह की फ्लाइट्स शुरू करने की सुविधा होगी।
भविष्य में जब भी जरूरत महसूस की जाएगी हम इसका विस्तार करेंगे।’ पंडाल में बैठे लोगों को यह उम्मीद थी कि केन्द्रीय मंत्री इसी मंच से मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एमओयू का भी ऐलान कर सकते हैं, लेकिन किसी ने मोहाली का जिक्र तक नहीं किया। इतना ही नहीं, समारोह संपन्न होने के बाद जब प्रफुल्ल कुमार के मंच से उतरते ही हुड्डा ने उन्हें घेरकर अपनी नाराजगी जताई। प्रफुल्ल उन्हें मनाते रहे। दोनों देर तक बात करते रहे। बाद में बादल प्रफुल्ल को अपनी कार में बिठाकर ले गए।