HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

जनहित के मुद्दों की निशुल्क पैरवी करें वकील : किरण

उदयपुर. सांसद किरण माहेश्वरी ने वकीलों से गुजारिश की कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों की पैरवी निशुल्क कर समाज सेवा में अपना योगदान दें। श्रीमती माहेश्वरी ने उदयपुर बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि पद से यह बात कही।

उन्होंने कहा कि जन नेता होने के नाते उन्हें आम जनता की पैरवी करनी पड़ती है। वकील सिर्फ अपने मुवक्किल की पैरवी करता है मगर जनप्रतिनिधि की पैरवी का दायरा काफी बड़ा होता है। उनके पास कई लोग जनहित के मामले लेकर आते हैं। कई मामलों में पीआईएल दाखिल कराना जरूरी होता है।

वकील इस काम की ऊंची फीस मांगते हैं। सार्वजनिक हित के प्रकरणों में फीस की व्यवस्था नहीं होने से पैरवी नहीं हो पाती है। किरण ने महिला उत्पीड़न के कुछ मामलों में निशुल्क पैरवी करने वाली स्थानीय बार की कुछ महिला अधिवक्ताओं की प्रशंसा की। किरण ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि वे यहां हाईकोर्ट बैंच की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र को भेजने के लिए राज्य सरकार से अनुरोध करेंगी।

11 पदाधिकारियों ने शपथ ली
बार की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष शंभूसिंह राठौड़ को निवृतमान अध्यक्ष रतनसिंह राव ने शपथ दिलाई। बाद में श्री राठौड़ ने बार उपाध्यक्ष गणपत चौधरी, महासचिव जितेंद्र जैन, सचिव प्रवीण गदिया, वित्त सचिव अश्विनी पालीवाल, पुस्तकालय सचिव दिलीप बापना तथा सहवृत सदस्य हीरालाल कटारिया, प्रकाशचंद्र पानेरी, महेंद्र मेहता, भंवर सिंह देवड़ा तथा डालचंद मेघवाल को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता बृजेन्द्र सेठ ने किया।

अधिवक्ता प्रमोदिनी बक्षी व रजनीबाला सोनी ने मुख्य अतिथि किरण माहेश्वरी का स्वागत किया। बार अध्यक्ष रतनसिंह राव व महामंत्री रामकृपा शर्मा ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया।

11 हजार 73 दिन चला आंदोलन
विशिष्ट अतिथि मावली के विधायक शांतिलाल चपलोत ने कहा कि उदयपुर में हाईकोर्ट बैंच का आंदोलन चलते 11 हजार 73 दिन हो चुके हैं मगर सफलता अभी भी करीब दिखाई नहीं दे रही है। चपलोत ने कहाकि लेटर्स पेटेंट के तहत राज्य की हाईकोर्ट उदयपुर में थी व उसे वापस लेना हमारा अधिकार है।

यूआईटी अध्यक्ष शिवकिशोर सनाढ्य ने अफसोस जाहिर किया कि हाईकोर्ट बैंच आंदोलन के समर्थक जनता को नहीं जोड़ पाए। सनाढ्य ने एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी का उदाहरण देते हुए कहाकि जनता एवं सभी राजनीतिक पार्टियों के एक मंच पर आ जाने से नई एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की यहां स्थापना हो सकी। सनाढ्य तथा नगर परिषद के सभापति रवीन्द्र श्रीमाली ने बार एसोसिएशन को आश्वासन दिया कि अदालत परिसर में विकास के लिए जितनी राशि की जरूरत होगी वे पूरी करने का प्रयास करेंगे।

मेरा काम बोलना नहीं सुनना है
शपथ कार्यक्रम की अध्यक्षता सेशन जज पीएन खंडेलवाल ने की। उन्होंने कहा कि उनकी आदत बोलने की नहीं बल्कि सुनने की है। अदालत में भी वे वकीलों की बहस सुनते हैं। अपने संक्षिप्त संबोधन में खंडेलवाल ने बार अध्यक्ष शंभूसिंह राठौड़ द्वारा गिनाई गई कमियों को दूर करने का आश्वासन दिया।

राठौड़ ने अदालत परिसर की कैदियों की बैरिक की दुर्दशा बताई जहां न टॉयलेट है न पीने का पानी। डीजे ने इस पर कहा कि हाईकोर्ट से फंड आते ही वे इन कमियों को दूर करवा देंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: