उदयपुर. महाराणा भूपाल अस्पताल में हड्डियों के जोड़ बदलने के जटिल ऑपरेशन शीघ्र शुरू होंगे। पहला ऑपरेशन प्रायोगिक तौर पर 11 जनवरी को अस्पताल की कार्डियोथोरेसिक यूनिट में किया जाएगा। यह ऑपरेशन अस्थि रोग विशेषज्ञों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बताया जाएगा। पहले ऑपरेशन की सफलता के बाद उदयपुर में जोइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी शुरू की जाएगी।
ऑर्थोपेडिक जोइंट्स रिप्लेसमेंट सर्जरी 11 जनवरी को आयोजित वर्कशॉप में की जाएगी। वर्कशॉप में 50 अस्थि रोग विशेषज्ञ भाग लेंगे। 12, 13 जनवरी को आरएनटी मेडिकल कॉलेज में राजस्थान ऑर्थोपेडिक्स सर्जन्स एसोसिएशन (रोजा) अपनी बीसवीं कांफ्रेंस रोजाकोन-2008 यहां आयोजित करेगा।
कमेटी के सेक्रेटरी डॉ. बीएल कुमार ने बताया कि पहले दिन वर्कशॉप में मुंबई के ज्वाइंट रिप्लेसमेंट एक्सपर्ट डा. एन. एस. लाउड, डा. हरीश बिंदे तथा दिल्ली के डा. एस.के.मारिया ऑपरेशन करेंगे।
रोजाकोन-2008
दो दिवसीय इस कांफ्रेंस में डा. लाउड, मारिया व बिंदे के अलावा मुंबई के स्पाइनल सर्जन डा. राम चड्ढा, मुंबई के डा. सुधीर वारियर, मुंबई के आर्थोस्कोपिस्ट डा. अनंत जोशी, मुंबई के डा. संजय अग्रवाल, जयपुर के डा. अनूप जोरानी व डा. एस. बी. सोलंकी समेत 300 डाक्टर भाग लेंगे। डा. कुमार ने बताया कि दो दिवसीय कांफ्रेंस के दौरान आठ सत्रों में 50 शोधपत्र पढ़े जाएंगे।