HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

शहर के और करीब आ गया भुवाणा

उदयपुर. map सड़कों के नए जाल से भुवाणा अब शहर के और नजदीक आ जाएगा। यूआईटी द्वारा यूनिवर्सिटी रोड से जोड़ते हुए शोभागपुरा सर्कल तक सौ फीट सड़क बनाई गई है। पुला मार्ग व सुखेर बाइपास को भी शोभागपुरा सर्कल तक सौ फीट की सड़कों से जोड़ दिया गया है। अब 80 व 60 फीट की और सड़कें प्रस्तावित हैं जिनके माध्यम से भुवाणा आना जाना काफी सुगम हो जाएगा।

यूआईटी सचिव उज्ज्वल राठौड़ ने बताया कि यूनिवर्सिटी रोड से सौ फीट की रोड शोभागपुरा सर्कल तक बनाई गई है, जिसका काम लगभग पूरा हो चुका है। बीच में एक किलोमीटर का भाग छूटा हुआ है, जिस पर डामरीकरण बाकी है। यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।

शोभागपुरा सर्कल से पुलां तथा भुवाणा बाइपास तक सौ फीट की सड़कें बनाई गई हैं। इससे भुवाणा से शहर में आने के लिए लोगों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इन तीनों सड़कों से इंटरलिंक करते हुए 80 व 60 फीट चौड़ी सड़कों का जाल बिछाया जाएगा, जिससे इन सड़कों से जुड़ी कॉलोनियों के बाशिंदों को शहर आने-जाने में सुविधा होगी। यूनिवर्सिटी से शास्त्रीसर्कल मार्ग पर ट्रैफिक की समस्या भी कम हो जाएगी। यूनिवर्सिटी रोड से भुवाणा सर्कल तक बनने वाली सड़क शहर की हार्ट लाइन होगी।

भुवाणा में भूमाफिया सक्रिय
छह माह से भूमाफियाओं की सक्रियता का केंद्र भुवाणा बन गया है। गोवर्धनविलास, सेक्टर-14 तथा 15 से भूमाफिया अपना ध्यान हटाकर भुवाणा में सक्रिय हो गए हैं। भुवाणा में यूआईटी द्वारा आधारभूत सुविधाओं का विकास करने से जमीनों के भाव आसमान छू रहे हैं।

पहले शहर से भुवाणा गांव तक जाने का सीधा रास्ता नहीं था। शहरवासी व उपनगरीय क्षेत्र के बाशिंदों को फतहपुरा या प्रतापनगर चौराहे से सुखेर जाना पड़ता था। इन दोनों मार्र्गो से भुवाणा 8 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा तीसरा मार्ग सरदारपुरा में होटल इंडिया इंटरनेशनल के पास पुलिया पार कर आलू फैक्ट्री कच्ची के रास्ते का है। इन तीन मार्र्गो से भुवाणा की दूरी अधिक होने के साथ हाइवे से आने-जाने की रिस्क भी उठानी पड़ती है।

यूआईटी ने यूनिवर्सिटी रोड से नया रास्ता निकालकर भुवाणा को शहर के करीब खड़ा कर दिया है। यह मार्ग यूनिवर्सिटी रोड स्थित ए-वन गार्डन के पास से लिंक होकर शोभागपुरा चौराहा होते हुए भुवाणा बाइपास को जोड़ा गया है। शहर से महाप्रज्ञ विहार तक पक्का रोड बन चुका है। भुवाणा के शहर के निकट आने से भूमाफिया भी इस इलाके में सक्रिय हो गए हैं।

भुवाणा में अन्य सुविधाएं
आरयूआईडीपी तथा जलदाय विभाग ने जल वितरण की सुविधा के लिए चित्रकूट नगर, मीरानगर, श्यामनगर तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनियों में पानी की टंकियां बना दी हैं। भुवाणा गांव में सीमेंट रोड निर्माण के लिए ग्राम पंचायत ने 10 लाख रुपए दिए हैं। आरटीओ ऑफिस और यूथ हॉस्टल बन चुके हैं। महाराणा प्रताप खेल गांव व चित्रकूट नगर सामुदायिक केंद्र का निर्माणाधीन हैं।

>> फरवरी तक इन सड़कों का काम पूरा हो जाएगा। इसके साथ ही इन सड़कों को 60 व 80 फीट की सड़कों से जोड़ने की भी योजना बनाई जा रही है, जिनको नए वित्तीय वर्ष में स्वीकृति मिल जाएगी।
मुकेश जानी, एईएन, यूआईटी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: