कोटा. जगपुरा पुलिस चौकी जलाने व पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बहुचर्चित प्रकरण में विज्ञाननगर पुलिस ने फरारी में विधायक प्रहलाद गुंजल के तीनों भाइयों सहित 43 व्यक्तियों के खिलाफ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया है। अदालत ने प्रकरण को सेशन कमिट भी कर दिया। इस पर अगली सुनवाई जिला एवं सेशन न्यायालय में 16 जनवरी को होगी।
उल्लेखनीय है कि जगपुरा पुलिस चौकी में तैनात एएसआई कृष्णकांत ने 31 मई 07 को इस मामले में गुर्जर समाज के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने फरारी में रामलाल गुंजल, श्रीलाल गुंजल एवं रतन गुंजल, किशन, प्रहलाद, ओमप्रकाश गुंजल, हीरा, बाबूलाल, भागचंद, मुकेश, ऊदा सहित 43 जनों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।