कोटा. बीएसएनएल ब्रॉडबैंड ने इंटरनेट की स्पीड को इतना अधिक बढ़ा दिया कि ब्रॉडबैंड को उपभोक्ता फास्ट स्पीड इंटरनेट के नाम से जानने लगे हैं। इस वजह से ब्रॉडबैंड कनेक्शन लेने में स्टूडेंड्स, प्रोफेशनल्स व कॉरपोरेट जगत से संबंधित व्यक्ति अधिक रुचि ले रहे हैं। बीएसएनएल होम और बिजनेस के अलग-अलग प्लान दे रहा है। इसमें भी स्टार्ट अप और कॉम्बो प्लान अधिक पसंद किए जा रहे हैं। यूं तो इंटरनेट का उपयोग वर्र्षो से हो रहा है।
शहर में सैकड़ों की संख्या में साइबर कैफे और कई इंटरनेट के सप्लायर्स हैं, जिनके माध्यम से इंटरनेट की सुविधा मुहैया हो रही है। अभी तक उपभोक्ताओं को पुरानी लाइनों के माध्यम से 64 केबीपीएस या 128 केबीपीएस की स्पीड से इंटरनेट की सुविधा मिली है, जबकि ब्रॉडबैंड की सामान्य स्पीड ही इससे दोगुनी है। इसे फास्ट करने पर यह स्पीड करीब 20 गुना और बढ़ जाती है।
बीएसएनएल अधिकारियों का कहना है कि प्राइवेट एजेंसियां नॉर्मल इंटरनेट को हाइ स्पीड इंटरनेट बताकर बेच रही हैं, जबकि वह हाई स्पीड इंटरनेट नहीं हैं। उनका कहना है कि 256 केबीपीएस से कम कोई हाई स्पीड इंटरनेट नहीं होता।
बीएसएनएल होम प्लान में 256 केबीपीएस से 2 एमबीपीएस की स्पीड है। इसमें 2.5 जीबी से अनलिमिटेड क्षमता वाले होम प्लान हैं। बिजनेस में सिंगल और मल्टी यूजर के अलग-अलग प्लान हैं। इसमें भी 256 केबीपीएस से 2 एमबीपीएस की स्पीड से डाउन और अपलोड किया जा सकता है।
होम प्लान
होम प्लान में स्टार्ट अप और कॉम्बो प्लान की ओर अधिक रुझान हैं। स्टार्ट अप में 250 रुपए के चार्ज पर 2 एमबीपीएस की क्षमता होगी।
कॉम्बो प्लान सबकी पंसद
कॉम्बो प्लान में पांच सौ रुपए के चार्ज पर उपभोक्ताओं को टेलीफोन और ब्रॉडबैंड दोनों सुविधाएं मिलेंगी, जिसमें फोन पर 175 रुपए की फ्री कॉल और 2 जीबी की डाउनलोड क्षमता रहेगी। इसके अलावा 900 अनलिमिटेड, 500, 1000, 1800 व 3300 के होम प्लान हैं।
बिजनेस प्लान
बिजनेस में सिंगल और मल्टी यूजर दोनों शामिल हैं। सिंगल में 700 और 1200 के प्लान हैं। मल्टी यूजर में 3000, 5000 व 9000 के प्लान हैं। अनलिमिटेड में 3300 व 6600 के दो अलग-अलग प्लान हैं।
कितने कनेक्शन दिए
बीएसएनएल का कोटा शहर में मार्च 2008 तक आठ हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य है। अभी तक करीब चार सौ कनेक्शन दिए हैं। जनवरी माह में एक हजार पचास कनेक्शन देकर वेटिंग लिस्ट को पूरा कर दिया जाएगा। शहर के अलावा बारां में भी कनेक्शन देना शुरू हो गया है।