मुंबई.जी हां, ये बॉलीवुड अभिनेता और उत्तरी मुंबई से सांसद गोविंदा के संबंध में ही जारी सूचना है। सांसद बनने के बाद से लगातार गोविंदा अपने क्षेत्र से गायब रहे हैं। इससे परेशान होकर उनके निर्वाचन क्षेत्र बोरीवली के लोगों ने एक सूचना जारी की है जिसके मुताबिक गोविंदा का पता बताने वाले शख्स को 51 लाख रुपए बतौर इनाम दिए जाएंगे।
महराष्ट्र अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष मोहम्मद फारुख आजम ने कहा कि वर्ष 2004 में चुनाव जीतने के बाद से गोविंदा ने अपना चेहरा नहीं दिखाया है। इसलिए उनका पता बताने वाले को इनाम देने की घोषणा की गई है।
फारुख आजम ने इस संबंध में लोक सभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को भी पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि मोर्चे ने चटर्जी से अनुरोध किया है कि चुनाव जीतने के बाद से ही अपने निर्वाचन क्षेत्र से गायब रहने वाले सांसदों को अयोग्य ठहराया जाए।
गोविंदा के आलावा देश में ऐसे कई सांसद हैं जो चुनाव जीतने के बाद फिर कभी अपने क्षेत्र के लोगों की सुध नहीं लेते हैं। सांसदों या विधायकों के ऐसे रवैये पर आप अपनी प्रतिक्रिया हमें भेजें।