कुल्लू. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के एक गांव में भीषण आग लग जाने से कम से कम 120 मकान जलकर खाक हो गए हैं और लगभग दो करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटनास्थल जाते हुए डिप्टी कलेक्टर अभिषेक जैन ने बताया कि पता चला है कि मलना गांव के एक मकान में आग लगी और फिर धीरे-धीरे पास के मकान भी इसकी चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि आग इतनी भयानक थी कि फायर ब्रिगेड को आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
दुनिया में लोकतंत्र का सबसे पुराना गढ़ कहे जाने वाले 11 हजार फीट की ऊंचाई पर बसे मलना गांव में पहुंचने के लिए सड़क के आखिरी छोर से करीब सात किमी चढ़ाई करना पड़ती है। फायर ब्रिगेड कर्मचारी अपने उपकरणों को कंधे पर लादकर करीब पांच घंटे चलने के बाद गांव तक पहुंच पाए।
जैन ने बताया कि गांव में जनहानि की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। गांव में सशस्त्र सीमा बल के कर्मचारी राहत कार्यो में लगे हैं। दूसरी ओर प्रशासन ने प्रभावित परिवारों में से प्रत्येक के लिए 10 हजार रुपए के मुआवजे की घोषणा कर दी है।