शिमला. हिमाचल प्रदेश में पुलिस विभाग नई शुरुआत करते हुए आगामी एक अप्रैल से लोगों को शॉर्ट मैसेज सर्विस के जरिए एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा देने जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह सुविधा शिमला, मंडी और ऊना शहर के तीन पुलिस थानों में शुरू की जाएगी। क्वालिटी प्रबंधन और केंद्र के ई-गवर्नेस विस्तार कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए इन तीनों ही पुलिस स्टेशनों को आईएसओ प्रमाणपत्र दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक अगर यह पहल रंग लाती है तो अन्य पुलिस स्टेशनों में भी इसे लागू किया जाएगा। बहरहाल, पुलिस कर्मचारियों को फिलहाल ट्रेनिंग दी जा रही है कि एसएमएस से एफआईआर कैसे बुक की जाए। ट्रेंड होने के बाद कर्मचारी नागरिकों को इस सुविधा के प्रयोग के बारे में बताएंगे।
गौरतलब है कि हिमाचल में पहले ही टेलीफोन और ईमेल के जरिए एफआईआर दर्ज कराने की सुविधा दी जा चुकी है। ईमेल पर एफआईआर के बारे में पुलिस अफसरों का कहना है कि कुछ ही लोग इस सेवा का लाभ ले रहे हैं।