HomeNewsMetrosIndore Indore

चार स्कीम पर सहमति

इंदौर. इंदौर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल ने आपात बैठक में शनिवार को चार योजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति दी। इनमें नए नाम से आने वाली स्कीम-164, सुपर कॉरिडोर, मेडिकल हब और ट्रांसपोर्ट हब शामिल हैं। मास्टर प्लान आने के साथ ही इन योजनाओं पर प्राधिकरण ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। ये सभी स्वीकृति के लिए सोमवार को राज्य शासन को भेजी जाएंगी।

स्कीम-164-
बैठक में करीब डेढ़ घंटे विचार-विमर्श के दौरान 1200 एकड़ में प्रस्तावित स्कीम-164 को फिर जीवित करने के लिए सरकार से अनुमति लेने का फैसला लिया गया। बोर्ड ने तय किया इसे लेकर पहले से चल रहे न्यायालयीन प्रकरणों में न्यायालय के निर्णयों का पालन किया जाएगा। स्कीम के लिए कनाड़िया, बिचौली हप्सी, बिचौली मर्दाना और बायपास से सटी जमीन ली जाएगी।

सुपर कॉरिडोर-
सुपर कॉरिडोर (स्कीम-151) में सड़क के दोनों ओर 150 मीटर जमीन अधिग्रहित की जा चुकी है। इसे 300 मीटर करने के लिए 447.72 हेक्टेयर जमीन और लगेगी, जो बरदरी, भौंरासला, नरवल, पालाखेड़ी, टिगरिया बादशाह, बड़ा बांगड़दा, नैनोद, कुरमेड़ी और सुखलिया की होगी।

ट्रांसपोर्ट हब-
संचालक मंडल ने संकल्प लिया लसूड़िया मोरी में 164 हेक्टेयर जमीन पर ट्रांसपोर्टनगर स्थापित किया जाए। इसकी स्कीम बनाकर सरकार से स्वीकृति ली जाएगी। यह हब प्लान-2021 में प्रस्तावित है। इसके बनने पर लसूड़िया, रिंगरोड व रेती मंडी आने-जाने वाले ट्रकों और उनकी बेतरतीब पार्किग से निजात मिल सकेगी।

ट्रक टर्मिनस-
बोर्ड ने धार रोड पर 144 हेक्टेयर में कमर्शियल ट्रक टर्मिनस के प्रस्ताव के परीक्षण का भी निर्णय लिया। धार रोड पर टिंबर और हार्डवेयर मार्केट के कारण ट्रैफिक प्रभावित होता है। यह प्रस्ताव अमल में आया तो पश्चिमी क्षेत्र में भी ट्रांसपोर्टनगर विकसित हो जाएगा।

मेडिकल हब-
प्लान-2021 के मुताबिक टिगरिया बादशाह में 180 हेक्टेयर जमीन पर मेडिकल हब का प्रस्ताव भी संचालक मंडल ने मंजूर किया।

प्लान की सड़कों का सीमांकन करेंगे

बैठक में तय किया गया मास्टर प्लान में प्रस्तावित सड़कों का सीमांकन प्राधिकरण करेगा। इसके लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और कलेक्टोरेट की संयुक्त टीम बनेगी। सीमांकन के बाद पत्थर लगाकर सड़क की चौड़ाई चिह्नित कर दी जाएगी। इससे लोगों को रोड की चौड़ाई पता लगेगी और अतिक्रमण भी रोके जा सकेंगे।

बैठक की अध्यक्षता मधु वर्मा ने की। निगमायुक्त नीरज मंडलोई, कलेक्टर विवेक अग्रवाल, पीएचई के अधीक्षण यंत्री एच.एन. विजयवर्गीय, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के संयुक्त संचालक विजय सावलकर और सीईओ प्रमोद गुप्ता भी मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: