निसरपुर (धार)/बड़वानी. बड़वानी से 17 किलोमीटर दूर धार जिले के कटनेरा निवासी एक युवक को प्रेम करने की सजा मौत मिली। निसरपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष रामसिंह सिसौदिया ने अपने बेटे सहित छह लोगों के साथ मिलकर लात-घूंसों से इतना मारा कि 19 वर्षीय राजू पिता बद्री सिसौदिया ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
धार एसपी चंचल शेखर ने बताया शुक्रवार शाम करीब सात बजे श्री सिसौदिया की पुत्री सारिका (17) दो सहेलियों के साथ निसरपुर हायर सेकंडरी स्कूल से वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में शरीक होकर अपने घर कटनेरा लौट रही थी। रास्ते में गांव के राजू पिता बद्री (19) ने सारिका के साथ अश्लील हरकत की। राजू पहले भी ऐसी हरकत कर चुका था। सारिका ने यह बात पिता रामसिंह को बताई तो वे तमतमा गए।
पुत्र दिलीप, साथी हीरालाल नहारिया, दिनेश मुकुट, प्रदीप जगदीश एवं संतोष बाबूसिंह के साथ वे घटनास्थल पहुंचे और राजू को बेतहाशा पीटा। मारपीट से राजू बेहोश हो गया। हालत गंभीर देख राजू को पहले निसरपुर अस्पताल फिर बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया। रात करीब साढ़े नौ बजे उसने दम तोड़ दिया। करीब साढ़े 11 बजे छहों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, श्री सिसौदिया ने कहा वे राजू को सबक सिखाना चाहते थे। वह अकसर छेड़छाड़ करता था। उन्हें क्या मालूम था कि मौत हो जाएगी।
लोगों ने पुलिस जवान पर गुस्सा उतारा
राजू के दम तोड़ने के बाद गुस्साए परिजन ने साथ आए जवान को लताड़ना शुरू कर दिया। मामला गर्माता देख करीब 11 बजे जवान चंपत हो गया। प्रत्यक्षदर्शी व ग्राम पंचायत कटनेरा उप सरपंच मूलचंद इस्के ने बताया दो साल से राजू व जपं अध्यक्ष की बेटी का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक को घर से ले जाकर बेदर्दी से पीटा। निसरपुर चौकी पर मामला देर तक दर्ज नहीं किया जा रहा था। पुलिस ने उलटे हमें ही धमकाया।
बार-बार बेसुध हुई मां
राजू की मां रेवाबाई कड़ाके की ठंड के बावजूद जिला अस्पताल में मैदान पर रातभर आंसू बहाती रही। वे कई बार बेहोश हुईं। उन्होंने कहा मेरे लाड़ले को प्रेम करने की सजा मौत क्यों दे दी। धोखे से बुलाकर ले गए व जान ले ली। राजू की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे अंतिम संस्कार के लिए युवक का शव नर्मदा तट कोटेश्वर घाट ले जाया गया। कुक्षी टीआई एच.एस. ओहरिया, निसरपुर चौकी के एसआई सुरेश बलराज सहित पुलिस बल सुबह से ही गांव में तैनात है।
बर्खास्त हो सकते हैं जनपद अध्यक्ष!
हत्या के आरोप में गिरफ्तार जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सिसौदिया को बर्खास्त किया जा सकता है। हत्या के मामले में फंसने के बाद श्री सिसौदिया से भाजपा ने पल्ला झाड़ लिया है। पंचायती राज अधिनियम में स्पष्ट प्रावधान है कि आपराधिक प्रकरण दर्ज होने पर विहित प्राधिकारी संबंधित सदस्य-अध्यक्ष को पद से अयोग्य घोषित कर सकते हैं। फिलहाल कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी नहीं किए हैं। भाजपा महामंत्री दिलीप पटोदिया ने कहा भाजपा का मामले से कोई लेना-देना नहीं है। यह व्यक्तिगत घटना है।