News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
आजादहिंद सुपरफास्ट से ढाई लाख रुपए से भरा बैग बिलासपुर स्टेशन के पास चुरा लिया गया। यह रायगढ़ के व्यापारी अजय अग्रवाल का था। घबराए व्यापारी ने बिलासपुर से निकलने के तुरंत बाद जीआरपी को खबर कर दी। दो घंटे बाद ट्रेन सुबह 11 बजे जैसे ही रायपुर में खड़ी हुई, जवानों ने इसे घेर लिया।
एसी-थ्री क्लास की बोगी बी-2 में सभी यात्रियों के सामान की तलाशी शुरू हो गई। इससे प्लेटफार्म पर हड़कंप मच गया। करीब आधा घंटे चली तलाशी में पुलिस को कुछ नहीं मिला। इसके बाद जीआरपी ने कोच अटेंडेंट किशोर कुमार राव को आवाज दिया गया। बताते हैं कि वह छिपने की कोशिश कर रहा था लेकिन टीसियों ने पहचान करा दी। उससे कोच के बेडरोल की चाबी मांगी गई।
बेडरोल का ताला खोलने पर चादर-तकियों के बीच काले रंग का बैग मिला। बैग खोलने पर इसमें पूरे दो लाख 40 हजार रुपए थे। इससे पहले की आरोपी भागने की कोशिश करता, उसे हिरासत में ले लिया गया।
बिलासपुर में ऐसे हुई चोरी
पुलिस ने बताया कि व्यापारी अजय शुक्रवार को लेनदेन के सिलसिले में बिलासपुर आया। शनिवार को सुबह 9 बजे वह बिलासपुर से रायपुर आने के लिए आजादहिंद एक्सप्रेस में सवार हुआ। उसके पास बैग था, जिसमें रुपए थे। जनरल बोगी में भीड़ होने के कारण वह एसी-थ्री बोगी (बी-2) में सवार हुआ। उसने बैग बर्थ नंबर 43 पर रखा और टीसी से बात करने उतर गया।
ट्रेन चलने लगी तो वह बोगी में आया। बैग बर्थ से गायब था। आसपास तलाश करने के बाद उसने चेन खींची तथा बिलासपुर जीआरपी में शिकायत की। तब तक ट्रेन रायपुर के लिए चल पड़ी थी।
महंगा मोबाइल भी मिला
जीआरपी बिलासपुर ने रायपुर में तुरंत खबर दी। जीआरपी थाना इंचार्ज एसएन अख्तर ने जवानों के साथ प्लेटफार्म घेर लिया। तलाशी के दौरान बैग के साथ-साथ बेडरोल बाक्स से मोबाइल (हेंडसेट ई-90) कीमती 35 हजार और एक क्रेडिट कार्ड भी मिला।
कोच अटेंडेंट आरोपी किशोर कुमार राव (24) ने बताया कि सामान यात्रियों का है। पुलिस ने सारा सामान जब्त कर आरोपी को दोपहर बाद रेलवे न्यायालय में पेश किया। उसे अदालत ने 11 जनवरी तक रिमांड पर जेल भेज दिया।
और भी मामले खुलेंगे
श्री अख्तर ने बताया कि यात्री अजय अग्रवाल रायगढ़ के विधायक विजय अग्रवाल का भाई है। आरोपी किशोर पश्चिम बंगाल के आदरा शहर का रहने वाला रेलकर्मी है। हावड़ा से वह एक दिन के आड़ में आजादहिंद एक्सप्रेस की एसी बोगियों में कोच अटेंडेंट की ड्यूटी करता है। उसके गिरफ्तारी की सूचना उसके भाई श्रीनू बी को मोबाइल पर दे दी गई है।